लेखक की कलम

धामी की राजनीतिक जलेबी

उत्तराखंड में विधानसभा के चुनाव होने हैं और चुनाव की तैयारियां सभी दल अलग-अलग तरीके से कर रहे हैं। गत 24 नवम्बर को उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध झनकईया मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इसी के बाद एक जलेबी की दुकान पर पहुंचे और स्वयं जलेबी बनाने लगे। उन्होंने जलेबी का स्वाद भी चखा। इस प्रक्रिया ने जमकर वाहवाही लूटी। राज्य भर में धामी की राजनीतिक जलेबी का जिक्र किया जा रहा है।
उत्तराखण्ड में भारत-नेपाल सीमा पर लगे प्रसिद्ध झनकईया मेले का शुभारंभ मंगलवार, 24 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मेले का शुभारंभ करने के बाद सीएम मेले का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी की नजर एक जलेबी की दुकान पर पड़ी। फिर क्या था, सीएम धामी जलेबी की दुकान पर पहुंच गए और वहां उन्होंने जलेबी बनाई और फिर जलेबी का स्वाद चखा। सीएम धामी का ये सादगी भरा अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग धामी के सादगी भरे अंदाज की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।
सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा- ‘जलेबी की मिठास’। सोशल मीडिया पर जिसकी भी नजर इस वीडियो पर गई, यूजर्स ने जमकर तारीफ की। वहीं सीएम धामी ने मेले से जुड़ी बचपन की यादें साझा करते हुए यहां मिलने वाली पकौड़ी, जलेबी और सिंघाड़े का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह मेला भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसमें थारू जनजाति सहित विभिन्न समाजों की विशेष सहभागिता रहती है। गंगा स्नान पर्व पर आयोजित दस दिवसीय मेले में मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि कक्षा चार से ही उनका इस मेले से जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और भाईचारे को संजोने का माध्यम हैं। झनकईया मेले में भारत और नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सीएम धामी ने मेले से सिंघाड़े की खरीदारी भी की। सीएम धामी ने कहा कि झनकईया मेला ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, समृद्ध परंपराओं और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। सीएम ने कहा- ‘भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराएं परस्पर जुड़ी
हुई हैं।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button