प्रिया सचदेव ने करिश्मा से मांगे तलाक के कागजात

बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनकी 30 हजार करोड़ की संपत्ति को लेकर उनकी एक्स वाइफ और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों कियान-समायरा और तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव के बीच कानूनी जंग शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में 16 जनवरी को इस मामले पर सुनवाई हुई, जहां प्रिया सचदेव ने कोर्ट में करिश्मा कपूर और संजय कपूर के 2016 में हुए तलाक से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मांगते हुए अर्जी दाखिल की। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने करिश्मा से दो हफ्तों के अंदर इस पर आपत्ति दाखिल करने और यह बताने को कहा है कि इस अर्जी पर सुनवाई की जानी चाहिए या नहीं। प्रिया सचदेव ने अपनी अर्जी में करिश्मा कपूर और संजय कपूर के तलाक के कागज दिखाने को कहा है, जिससे यह समझा जा सके कि करिश्मा के बच्चों समायरा और कियान ने जो मुद्दे उठाए हैं, वह संजय कपूर के जीवित रहते हुए सुलझाए जा चुके थे या नहीं। वहीं करिश्मा के वकील ने इस अर्जी को गैर-जरूरी बताया है। करिश्मा के वकील का कहना है कि प्रिया द्वारा तलाक के कागज मांगना निजी जानकारी को निकालने की कोशिश है, जबकि करिश्मा और संजय कपूर के तलाक का मामला पूरी तरह से गोपनीय था।इस मामले पर अब संजय कपूर की बहन मंधिरा ने भी प्रतिक्रिया दी है और करिश्मा कपूर का सपोर्ट किया है। मंधिरा का कहना है कि करिश्मा और उनके भाई संजय के बीच हुआ तलाक पूरी तरह से गोपनीय है और ये अर्जी कोर्ट का ध्यान भटकाने की कोशिश है। मंधिरा ने कहा- उनका मकसद असली मुद्दे से ध्यान भटकाना है। अगर मेरे भाई को ये जानकारी साझा करनी होती तो वो शादी के समय ही कर देते। मुझे समझ में नहीं आ रहा कि आखिर ये सब अब क्यों किया जा रहा है, जबकि सभी बातें पहले ही कोर्ट में रखी जा चुकी हैं। संजय कपूर के निधन के बाद करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा और कियान अपने दिवंगत पिता की 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। (हिफी)



