फिल्म मदर इंडिया में साजिद ने निभाई थी बिरजू की भूमिका

मदर इंडिया का जब भी जिक्र होता है तो नरगिस दत्त, राज कुमार से लेकर सुनील दत्त के चेहरे दर्शकों के सामने आ जाते हैं। लेकिन, इस फिल्म में एक और स्टार था, जिसने खूब सुर्खियां और प्यार हासिल की। मदर इंडिया के छोटे बिरजू मुंबई की झुग्गी-झोपड़ी से निकले एक स्टार हैं जिसने आगे चलकर हॉलीवुड तक का सफर तय किया। मदर इंडिया में अभिनेता साजिद खान ने छोटे बिरजू का किरदार निभाया था और एक चाइल्ड एक्टर के तौर पर हर किसी को अपने अभिनय से हैरान किया। ऑस्कर तक जाने वाली इस फिल्म ने सिर्फ साजिद खान को स्टार ही नहीं बनाया, बल्कि उनकी पूरी किस्मत पलटकर रख दी। साजिद खान के एक स्टार बनने की कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाला एक बच्चा, जिसने एक डायरेक्टर को अपने कॉन्फिडेंस से ऐसा इंप्रेस किया कि पहले तो इनकी फिल्म का कलाकार और फिर दत्तक पुत्र बन गया। मुंबई की झुग्गियों में रहने वाले साजिद खान को फिल्ममेकर महबूब खान ने महबूब स्टूडियो के बाहर देखा था, जो महबूब स्टूडियो के फाउंडर थे। महबूब खान, साजिद के कॉन्फिडेंस को देखकर इतने इंप्रेस हो गए कि उन्होंने उन्हें अपनी फिल्म मदर इंडिया के लिए साइन कर लिया और गरीबी में जन्मे साजिद को स्टार बनाया। महबूब खान, साजिद को अपने बेटे जैसा प्यार करने लगे और फिर महबूब खान और उनकी पत्नी सरदार अख्तर ने उन्हें अपने बेटे के रूप में गोद ले लिया। साजिद की जिंदगी संवारने के लिए महबूब खान ने साजिद को पढ़ाई के लिए अमेरिका भेज दिया, जहां उन्हांेने माया (1966) में लीड रोल निभाकर लोगों के बीच सनसनी मचा दी। (हिफी)



