हरियाणा की सिंगर ने एक दर्शक को दिया करारा जवाब

हरियाणवी सिंगर और परफॉर्मर प्रांजल दहिया इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। वजह है उनके एक लाइव कॉन्सर्ट का वायरल वीडियो, जिसमें वह दर्शकों के बीच मौजूद एक व्यक्ति के अनुचित व्यवहार पर कड़ा रुख अपनाती नजर आ रही हैं। इस क्लिप ने ऑनलाइन बहस छेड़ दी है और साथ ही प्रांजल के आत्मसम्मान और साहस की जमकर तारीफ भी हो रही है। बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट के दौरान ऑडियंस में मौजूद एक शख्स ने हद पार कर दी, जिससे प्रांजल असहज हो गईं। हालात को नजरअंदाज करने के बजाय उन्होंने बीच में ही अपना परफॉर्मेंस रोक दिया और सीधे भीड़ से बात की। यह पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।प्रांजल दहिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। 52 गज का दामन और जिप्सी जैसे सुपरहिट गानों से उन्होंने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इसके अलावा वह कई हिंदी और पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत मौजूदगी है, खासतौर पर इंस्टाग्राम पर, जहां वह अपने कॉन्सर्ट्स, शूट्स और पर्सनल लाइफ की झलकियां शेयर करती रहती हैं। अपने करियर में प्रांजल दहिया कई हिट गानों का हिस्सा रही हैं। डिमांड, सोने की तगड़ी, जिप्सी, 52 गज का दामन, कबूतर, जन्नत का टुकड़ा जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रांजल अचानक गाना रोकती हैं और ऑडियंस में मौजूद उस व्यक्ति को संबोधित करते हुए कहती हैं, ताऊ, थारी बेटी की उम्र की हूं मैं। खुद को कंट्रोल करें। (हिफी)


