फिल्म निर्माताओं को स्मिता ने लगाई थी फटकार

हिंदी सिनेमा में कई बदलाव आए हैं, लेकिन आज भी फिल्म इंडस्ट्री में अश्लीलता और न्यूडिटी पर बहस होती रहती है। कई कलाकार इस पर आपत्ति जताते हुए सवाल खड़े करते आए हैं। वहीं, दूसरी तरफ कुछ मेकर्स ऐसे हैं जो इसी फंडे पर फिल्में बनाकर पैसे छापे जा रहे हैं। 70 और 80 के दशक की सबसे दमदार एक्ट्रेस स्मिता पाटिल ने उस दौर में फिल्मों में अश्लीलता पर कुछ ऐसे सवाल खड़े किए थे जिससे लोग आज भी इत्तेफाक रखते हैं। एक्ट्रेस का एक बरसों पुराना वीडियो रेडिट पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने इस मुद्दे पर मजबूती से अपनी राय रखी थी। स्मिता पाटिल की ये क्लिप किसी इंटरव्यू के दौरान की है जिसमें वो फिल्मों में न्यूडिटी पर दो टूक अपनी बात कहते नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस ने पुराने इंटरव्यू में खुलकर उस सोच की आलोचना की थी जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने के लिए फिल्मों में भर-भरके अश्लीलता परोसते हैं। एक्ट्रेस ने कहा था कि मेकर्स को लगता है कि ऑडियंस जुटाने के लिए महिलाओं को आधे-अधूरे कपड़ों में दिखाना जरूरी है।
वायरल क्लिप में उन्होंने मेकर्स को फटकार लगाते हुए कहा था, ‘हीरो को तो नंगा दिखा नहीं सकते, उससे कुछ होने भी वाला नहीं है लेकिन औरत को नंगा दिखाएं तो उनको लगता है 100 लोग और आ जाएंगे। हिंदुस्तान की ऑडियंस पर ये बात फोर्स की गई है कि इस फिल्म को देखिए इसमें सेक्स और अश्लीलता पेश की गई है। देखिए जी, इसमें सेक्स है आधे नंगे शरीर हैं तो आप फिल्म देखने के लिए आइए। ये एक ऐसी एटीट्यूड बन गई है जो बहुत गलत है। फिल्म अगर चलनी है, तो फिल्म जो है, अगर सच्चे दिल से एक बात कह रही है, तो वो फिल्म चलेगी। सिर्फ ऐसे पोस्टर से फिल्म चलती नहीं है।’ (हिफी)



