Uncategorized

यह सुभ संभु उमा संवादा… 30

रामकथा के सरोवर से बही पावन सरिता

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा में कई प्रसंग भी शामिल हैं। इन प्रसंगों का अलग-अलग रस है जैसे नारद का मोह, भगवान परशुराम का क्रोध, केवट की भक्ति, शबरी का आग्रह, ऋषि-मुनियों का उपदेश तथा ज्ञान एवं भक्ति का निरुपण। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि राम कथा में भक्ति का जो निरुपण किया गया है, वह गंगा नदी के समान है जो कथा सुनने वाले को मोक्ष प्रदान करती है। राम कथा के पावन सरोवर का पहले उल्लेख किया गया है। उस सरोवर में इतना जल एकत्र हो जाता है कि उससे एक नदी निकल पड़ती है।
अस मानस मानस चख चाही, भइ कवि बुद्धि विमल अवगाही।
भयउ हृदय आनंद उछाहू, उमगेउ प्रेम प्रमोद प्रवाहू।
चली सुमग कविता सरिता सो, राम विमल जस जल भरिता सो।
सरजू नाम सुमंगल मूला, लोक बेदमत मंजुल कूला।
अर्थात् ऐसे मानस सरोवर को हृदय के नेत्रों में देखकर और उसमें गोता लगाकर कवि की बुद्धि निर्मल हो गयी, हृदय में आनंद और उत्साह भर गया। प्रेम और आनंद का प्रवाह उमड़ अया। उस प्रवाह से ही कविता रूपी नदी बह निकली, जिसमें श्रीराम का निर्मल यश रूपी जल भरा है। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि इस कविता रूपी नदी का नाम सरयू है जो सम्पूर्ण सुंदर मंगलों की जड़ है। लोकमत और वेदमत दो इसके सुन्दर किनारे हैं।
नदी पुनीत सुमानस नंदिनि, कलि मल तृन तरु मूल निकंदिनि है अर्थात् यह सुन्दर मानस सरोवर की कन्या सरयू नदी बड़ी पवित्र है और कलियुग के छोटे-बड़े पाप रूपी तृण (तिनकों) को और पाप रूपी तरुओं (बड़े वृक्षों) को भी जड़ से उखाड़ फेंकने वाली है।
श्रोता त्रिविध समाज पुर, ग्राम नगर दुहं कूल।
संत सभा अनुपम अवध सकल सुमंगल मूल।
अर्थात् तीनों प्रकार के श्रोताओं (विज्ञ, अविज्ञ और दुर्विज्ञ) का समाज ही, इस नदी के दोनों किनारों पर बसे हुए पुरवे, गांव और नगर और संतों की सभा ही सब सुन्दर मंगलों की जड़ अनुपम नगरी अयोध्या है।
राम भगति सुर सरितहिजाई, मिली सुकीरतिं सरजु सुहाई।
सानुज राम समर जसुपावन, मिलेउ महानद सोन सुहावन।
जुगबिच भगति देव धुनि धारा, सोहति सहित सुबिरति विचारा।
त्रिविध ताप त्रासक तिमुहानी, राम सरूप सिंधु समुहानी।
अर्थात् सुन्दर कीर्ति रूपी सुहावनी सरयू जी राम भक्ति रूपी गंगा जी में जा मिलीं। छोटे भाई लक्ष्मण समेत श्री रामजी के युद्ध का पवित्र यशरूपी सुहावना महानद सोन उसमें आकर मिला है। दोनों के बीच में भक्ति रूपी गंगाजी की धारा ज्ञान और वैराग्य के समेत शोभित हो रही है। ऐसी तीनों तापों (दैहिक, दैविक और भौतिक) को डराने वाली अर्थात् राम भक्त के समीप न आने देने के लिए यह तिमुहानी नदी रामस्वरूप रूपी समुद्र की ओर जा रही है।
मानस मूल मिली सुरसरिही, सुनत सुजन मन पावन करिही।
बिच बिच कथा विचित्र विभागा, जनु सरि तीर तीर बन बागा।
उमा महेेस विवाह बराती, ते जलचर अगनित बहु भांती।
रघुबर जनम अनंद बधाई, भवंर तरंग मनोहर ताई।
इस कीर्ति रूपी सरयू का मूल मानस श्री राम का चरित्र ही है और यह राम भक्ति रूपी गंगा जी में मिली है। इसलिए यह सुनने वाले सज्जनों के मन को पवित्र कर देती है। इसके बीच-बीच में जो भिन्न-भिन्न प्रकार की विचित्र कथाएं हैं वे ही मानो नदी के तट के आस-पास के वन में बाग हैं। रामचरित मानस में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के बराती इस नदी में बहुत प्रकार के असंख्य जलचर जीव हैं। श्री रघुनाथ के जन्म की आनन्द-बधाइयां ही इस नदी के भंवर और तरंगों की मनोहरता है।
बालचरित चहुं बंधु के, बनज बिपुल बहुरग।
नृप रानी परिजन सुकृत, मधुकर बारि बिहंग।
अर्थात् चारों भाइयों (राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न) के जो बचपन में किये गये चरित्र हैं, वे ही इसमें खिले हुए रंग-बरंगे कमल के फूल हैं। महाराज श्री दशरथ और उनकी रानियों और परिवार के लोगों के पुण्य (सत्कर्म) ही भ्रमर और जल पक्षी हैं।
सीय स्वयंवर कथा सुहाई, सरित सुहावनि सो छवि छाई।
नदी नाव पटु प्रस्न अनेका, केवट कुसल उतर सविबेका।
इस रामचरित मानस में श्री सीता जी के स्वयंवर की जो सुहावनी कथा है, वही इस नदी में सुहावनी छवि है। अनेक सुन्दर विचार पूर्ण प्रश्न ही इस नदी की नावे हैं और प्रश्नों के विवेकपूर्ण उत्तर ही चतुर केवट हैं। राम वनवास के समय केवट ने बहुत चतुरता से उत्तर दिये थे।
सुनि अनुकथन परस्पर होई, पथिक समाज सोह सरि सोई।
घोर धार भृगुनाथ रिसानी, घाट सुबद्ध राम बर बानी।
सानुज राम विवाह उछाहू सो सुभ उमग सुखद सब काहू।
कहत सुनत हरषहिं पुलकाहीं, ते सुकृती मनमुदित नहाहीं।
राम तिलक हित मंगल साजा, परब जोग जनुजुरे समाजा।
काई कुमति केकई केरी, परी जासु फल बिपति घनेरी।
रामचरित मानस के कथन को सुनकर पीछे जो चर्चा होती है, वही इस नदी के किनारे चलने वाले यात्रियों का समाज शोभा पाता है। सीता स्वयंवर के समय परशुराम जी का क्रोध इस नदी की भयंकर धारा है और उस क्रोध को शांत करने के लिए श्री राम ने जो वचन कहे थे, वह ही इस नदी के सुन्दर बंधे हुए घाट हैं। भाइयों सहित श्री रामचन्द्र जी के विवाह के उत्सव की कथा इस नदी की बढ़ी हुई जलधारा है जो सभी का कल्याण करती है। इस कथा के कहने और सुनने से जो पुलकित होते हैं, वे ही पुण्यात्मा पुरुष हैं और प्रसन्न मन से इस नदी में स्नान करते हैं। भगवान राम के राजतिलक के लिए जो मंगल साज हुआ था, वह पर्व के समान है जब लोग सरयू नदी में स्नान करने के लिए उमड़ते हैं। महारानी कैकेई की कुबुद्धि, जिसके चलते उन्होंने अपने बेटे भरत के लिए राजतिलक और राम के लिए वनवास मांगा और कैकेई समेत सभी रानियां विधवा हो गयीं। यह कुमति ही नदी की काई है जिससे लोग कभी-कभी फिसल जाते हैं।-क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button