स्पेन में दो तेज रफ्तार ट्रेनें भिड़ीं, 68 की मौत

मैड्रिड। स्पेन में 28 अक्टूबर को हुए बड़े रेल हादसे के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। तेज रफ्तार ट्रेनों की आपस में टक्कर से करीब 68 लोगों की मौत हो गई और 100 लोग घायल हुए हैं। इस हादसे के बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते सैंटियागो के इस्तीफे की मांग उठ रही है। ट्रेड यूनियन सीएसआईएफ ने परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। सीएसआईएफ का आरोप है कि पुएंते ने जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय दोष रेलवे अधिकारी पर मढ़ दिया।इस बात से गुस्साए लोगों ने मैड्रिड की सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन किया और मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
बता दें कि स्पेन के परिवहन मंत्री पुएंटे ने इस दुर्घटना के लिए रेड सिग्नल और व्यस्त ट्रैक के बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति देने को जिम्मेदार बताया था। हादसे के बाद परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकारी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजर एडिफ ने सिस्टम का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया और रेड सिग्नल होने के बावजूद रेनफे ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी। यह आदेश गलत और समझ से परे है। सीएसआईएफ ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह जांच का सम्मान करे। एडिफ के ट्रैफिक प्रमुख तब तक निर्दोष हैं, जब तक कि दोषी साबित नहीं हो जाते। ट्रेड यूनियन ने पुएंटे पर जिम्मेदारियां लेने के बजाय एक रेलवे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाने का आरोप लगाया। यूनियन ने कहा कि उन्होंने सितंबर में ही एडिफ में कर्मचारियों के काम के ज्यादा घंटों को लेकर चेतावनी दी थी।
लोगों का गुस्सा इस बात पर फूट पड़ा कि इतने बड़े हादसे की जिम्मेदारी लेने के बजाय वह रेलवे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बात से नाराज करीब 500 प्रदर्शनकारियों ने मैड्रिड स्थित परिवहन मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई ट्रेनें रेनफे एवीई और निजी कंपनी इर्यो की थीं। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। (हिफी)



