26 लाख भारतीय तय करेंगे अमेरिका का राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अब महज कुछ दिन बचे हैं। कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप दोनों जीत के लिए अंतिम जोर लगा रहे हैं। कमला और ट्रंप के बीच अभी कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। किसी सर्वे में कमला हैरिस तो किसी में डोनाल्ड ट्रंप बाजी मारते दिख रहे हैं। मगर सबसे बड़ा सवाल है कि भारतीय-अमेरिकियों की पहली पसंद कौन? अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव है। दरअसल, अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों की आबादी करीब 52 लाख है। इतनी आबादी के साथ भारतीय-अमेरिकी अब अमेरिका में दूसरा सबसे बड़ा अप्रवासी समूह है। अमेरिका के चुनाव में इस आबादी का बड़ा सियासी रोल है। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस भारतीय-अमेरिकी समुदाय के करीब 26 लाख लोग 2024 अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में वोट देने के लिए योग्य हैं।
दरअसल, लेटेस्ट सर्वे की मानें तो 10 में से 6 भारतीय-अमेरिकी कमला हैरिस को सपोर्ट कर रहे हैं। सर्वे में पता चला है कि 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन तो कर रहे हैं, मगर पहले के मुकाबले इस बार उनका झुकाव कम हुआ है। सर्वे में कहा गया है कि रजिस्टर्ड भारतीय-अमेरिकी वोटर्स में से 61 फीसद लोग डेमोक्रेट कमला हैरिस को वोट देने की योजना बना रहे हैं, जबकि 32 फीसद लोग रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप को वोट करना चाहते हैं। कमला डेमोक्रेट तो ट्रंप रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं। इंडियन अमेरिकन एटिट्यूड सर्वे में कम से कम 47 फीसद लोगों ने खुद को डेमोक्रेट बताया। 2020 में हुए पिछले सर्वे के मुकाबले यह आंकड़ा कम है। उस वक्त यह आंकड़ा 56 फीसद था। सर्वे में पाया गया कि खुद को रिपब्लिकन बताने वालों की संख्या 21 फीसद पर स्थिर रही, जबकि खुद को इंडिपेंडेंट बताने वालों की संख्या बढ़कर 26 फीसद हो गई है। सर्वे में यह भी पाया गया कि महिलाओं के मुकाबले ज्यादा भारतीय-अमेरिकी पुरुष कमला हैरिस का समर्थन कर रहे हैं।