रूस ने यूक्रेन में तैनात की परमाणु मिसाइल

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने आखिरकार वो कर दिया, जिससे दुनिया को डर था। राष्ट्रपति पुतिन ने पहली बार यूक्रेन पर दुनिया की सबसे घातक मानी जाने वाली परमाणु मिसाइल शैतान-2 की तैनाती का आदेश दे दिया है। इससे पूरे विश्व में खलबली मच गई है। पुतिन की ओर से यह आदेश तब आया है, जब पश्चिम द्वारा यूक्रेन को परमाणु हथियारों से लैस करने की बात कही जा रही है। शैतान-2 की तैनाती के आदेश से पहले रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने दुनिया को चेतावनी दी थी कि यूक्रेन को परमाणु हथियारों से लैस करने का ‘पागल’ विचार दुनिया को ‘तबाही के कगार’ पर धकेल देगा।
रूस की शैतान-2 मिसाइल दुनिया की सबसे खौफनाक परमाणु मिसाइल है, जो एक साथ दर्जनों परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। इस परमाणु मिसाइल का वजन 208.1 टन है और यह अपने साथ कई वारहेड ले जाने में सक्षम है। यानि यह 10 टन तक के पेलोड को साथ ले जा सकती है। इसकी मारक क्षमता 35,000 किलोमीटर तक है।
रूस ने इस मिसाइल का नाम अब आरएस-28 सरमत रख दिया है, लेकिन पश्चिमी देश अभी भी इसे दुनिया के शैतान-2 के नाम से जानते हैं। यह जिधर भी जाती है, उधर दूर-दूर तक किसी का भी बच पाना मुश्किल है। रूस ने सफल परीक्षण के बाद 2023 से इसे सेना में शामिल किया है। रूस ने इस मिसाइल का परीक्षण यूक्रेन से युद्ध छिड़ने के बाद किया।