न्यूजीलैण्ड के पीएम की कार का एक्सीडेंट

वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लुक्सन की कार का एक्सीडेंट हो गया है। बताया जा रहा है कि उनकी कार पुलिसकर्मियों की कार से टकरा गई। जिस वक्त यह दुर्घटना हुई उस दौरान कार के अंदर प्रधानमंत्री लुक्सन भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार पीएम लुक्सन और वित्त मंत्री निकोला विलिस सरकारी ‘लिमोजिन’ कार से जा रहे थे। मगर उनकी कार को पुलिस की कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे लिमोजिन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन में हवाई अड्डे की मुख्य सड़क पर हुई, जहां संसद स्थित है। हालांकि अधाकारियों के अनुसार पीएम लुक्सन बाल-बाल बच गए हैं, क्योंकि दुर्घटना को मामूली बताया जा रहा है। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने टक्कर की जांच शुरू कर दी है। न्यूजीलैंड का गृह मंत्रालय आधिकारिक वाहनों का प्रबंधन करता है। इस कार दुर्घटना से प्रधानमंत्री भी सकते में आ गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ‘‘ठीक’’ हैं और उन्हें नहीं पता कि कार को सेवा से हटा लिया जाएगा या नहीं।