फिल्मी

शत्रुघ्न सिन्हा ने देव आनंद को 102वीं पुण्यतिथि पर किया याद

एवरग्रीन सुपरस्टार देव आनंद की 102वीं पुण्यतिथि के मौके पर शत्रुघ्न सिन्हा और जैकी श्रॉफ ने दिवंगत सुपस्टार को याद किया। शत्रुघ्न ने देव आनंद के साथ वाली कई तस्वीरें शेयर कीं और एक इंस्पिरेशन भरा वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में मुंबई के बदलने और लाइफ के बारे में बात कर रहे हैं। वहीं, जैकी श्रॉफ ने देव आनंद की फिल्मी गाने की झलक वाला वीडियो शेयर किया और उन्हें नमन किया। शत्रुघ्न ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “देवानंद की जयंती पर उनका प्रेरणादायक वीडियो। ‘पर्ल्स ऑफ विजडम’ को प्यार और सम्मान के साथ याद कर रहा हूं।”
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखा, “स्टाइलिश और हमेशा युवा रहने वाले इस महान फिल्ममेकर ने बदलते समय और भविष्य की गहरी बातें शेयर कीं। उनके मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और प्यार के लिए हमेशा आभारी रहूंगा। देव साहब अमर रहें।” पोस्ट की गई तस्वीरों में शत्रुघ्न देवानंद के साथ नजर आ रहे हैं। पहली तस्वीर में शत्रुघ्न और देवानंद साथ में मीडिया के सामने तस्वीर खिंचवाते नजर आ रहे हैं। बाकी दो तस्वीरें एक फिल्म के सीन की हैं। तस्वीर देख फैंस कयास लगा रहे हैं कि ये फिल्म ‘गैम्बलर’ की है। साल 1971 में रिलीज हुई ‘गैम्बलर’ में देव आनंद के साथ शत्रुघ्न सिन्हा, मुमताज बेगम, जीवन, मनोरमा, सचिन पिलगांवकर, जगदीश राज, राशिद खान जैसे कलाकार शामिल थे। फिल्म का निर्देशन अमरजीत ने किया था। इसके लेखक कौशल भारती थे। इसी के साथ ही अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी एक्स पर देव आनंद के साथ मोनोक्रोम वीडियो पोस्ट किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगे।” देव आनंद ने छह दशकों से अधिक लंबे करियर में भारतीय सिनेमा में अभिनेता, लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में काम किया। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और कई सफल फिल्मों का निर्माण भी किया। देव आनंद ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘हम एक हैं’ से की थी। इसके बाद वह ‘गाइड’, ‘काला पानी’, और ‘ज्वेल थीफ’ जैसी सफल फिल्मों में नजर आए थे। उन्हें 2001 में पद्म भूषण और 2002 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button