विश्व-लोक

हमास ने इजरायल के 7 बंधकों को किया रिहा

इजरायल का कहना है कि हमास ने गाजा युद्ध विराम के तहत पहले सात बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है। शांति योजना के तहत हमास को 20 इजरायली बंधकों को रिहा करना है। यह पश्चिम एशिया को अस्थिर करने वाले 2 साल के विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बंधकों की रिहाई की खबर से इजरायल में लोग बेहद खुश हैं और यहां जश्न जैसा माहौल नजर आ रहा है। हमास ने कहा है कि 1,900 से अधिक फिलिस्तीनी कैदियों के बदले 20 जीवित बंधकों को रिहा किया जा रहा है। गाजा पीस प्लान में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी भूमिका रही है। इजरायली रक्षा बल ने हमास की कैद से रिहा होने वाले बंधकों की तस्वीरें जारी करते हुए उनके नाम भी बताए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इजरायल पहुंच चुके हैं। अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्ध
विराम समझौते के तहत हमास ने इजरायल के बंधकों को रिहा कर इसकी शुरुआत की है। अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक ‘एयर फोर्स वन’ विमान सुबह 9 बजकर 42 मिनट पर बेन-गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। विमान तेल अवीव के ‘होस्टेजेज स्क्वायर’ के ऊपर से गुजरा, जहां हजारों लोग जमा थे। हमास द्वारा रिहा किए गए पहले सात बंधकों के गाजा से इजराइल
पहुंचने के ठीक बाद ट्रंप का विमान इजराइल पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय मानवीय संगठन ‘रेड क्रॉस’ की अंतरराष्ट्रीय समिति बंधकों की रिहाई की निगरानी कर रही है। इस बीच इजरायल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देगा। इजरायली राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग के कार्यालय ने कहा कि वह बंधकों को घर वापस लाने के उनके प्रयासों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को इजराइल का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, इजरायली प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ ऑनर प्रदान करेंगे।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि वह बंधकों की रिहाई के बाद गाजा में हमास की ओर से बनाई गई सुरंगों के नेटवर्क को नष्ट करने की तैयारी शुरू करे। यह काम अमेरिका के नेतृत्व और ऑबजर्वेशन में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय बलों के माध्यम से किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button