ट्यूनीशिया में फंसे भारत के 47 प्रवासी मजदूर

झारखंड के 48 प्रवासी मजदूर ट्यूनीशिया में फंसे हुए हैं और गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें दिल्ली की एक निजी भर्ती कंपनी ने धोखे से विदेश भेजा और वहां बिना वेतन और भोजन के 12-12 घंटे काम करने को मजबूर किया जा रहा है. फंसे हुए मजदूरों में ज्यादातर हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जिलों के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें जाने से पहले सही कॉन्ट्रैक्ट और तय मजदूरी का वादा किया गया था, लेकिन ट्यूनीशिया पहुंचने के बाद न तो कॉन्ट्रैक्ट मिला और न वेतन।
कई मजदूरों ने वीडियो संदेशों में कहा है कि उन्हें पिछले तीन से छह महीने से कोई वेतन नहीं मिला, जिसके कारण वे भूखे हैं और परिवार से संपर्क करने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। एक मजदूर ने वीडियो में कहा, ‘हम लोग भूखे हैं, बहुत परेशान हैं, किसी तरह भारत लौटना चाहते हैं।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक मजदूरों ने जिस कंपनी पर आरोप लगाया है, उसका नाम प्रेम पावर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड बताया गया है. मजदूरों के अनुसार, कंपनी ने उन्हें हाई वोल्टेज पावर लाइन प्रोजेक्ट के लिए भर्ती किया था और बाद में शर्तें बदल दीं। उन्हें धमकी दी जा रही है कि अगर वे विरोध करेंगे या वापस लौटना चाहेंगे तो जेल भेज दिया जाएगा। वीडियो संदेशों के वायरल होने के बाद झारखंड श्रम विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग के माइग्रेंट कंट्रोल सेल ने फंसे मजदूरों से संपर्क किया है और भारतीय दूतावास, ट्यूनीशिया के साथ तालमेल बनाकर सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू की है. माइग्रेंट कंट्रोल सेल की टीम लीडर शिखा लाकरा ने कहा, ‘हमने सभी मजदूरों से संपर्क किया है और उनके दस्तावेजों की जांच चल रही है। भारतीय दूतावास के अधिकारियों से बात हो रही है ताकि सभी को सुरक्षित तरीके से भारत वापस लाया जा सके।



