ट्रम्प की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट छोड़ेंगी पद

डोनाल्ड ट्रंप की सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक कैरोलिन लेविट अब व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी नहीं रहेंगी। डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को बताया कि लेविट महीने के आखिर में यह पद छोड़ देंगी। हालांकि, वह ट्रंप की वरिष्ठ सलाहकार बनी रहेंगी। अभी 28 साल की कैरोलिन लेविट अमेरिका की अब तक की सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति प्रवक्ता (स्पोक्सपर्सन) हैं। पिछले साल जनवरी में जब पद संभाला तब उनकी उम्र 27 साल की थी। वह ट्रंप का खुलकर बचाव करने के लिए जानी जाती हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह पत्रकारों को कई बार तीखे जवाब भी देती रही हैं।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, “हमारी शानदार व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी और मेरी सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक कैरोलिन लेविट महीने के आखिर में अपना पद छोड़ देंगी। वह अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहती हैं।”
ट्रंप ने कहा, “अब कैरोलिन मेरी प्रमुख बाहरी सलाहकारों में से एक होंगी। वह रिपब्लिकन पार्टी में भी एक प्रभावशाली आवाज बनी रहेंगी।” वैसे ध्यान रखने वाली बात है कि लेविट ऐसे समय पद छोड़ रही हैं, जब ट्रंप की सर्वे में लोकप्रियता लगातार गिर रही है। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को ऐसे महंगे जंग में उलझा रखा है जिससे वह चाहकर भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। नवंबर में होने वाले अमेरिकी कांग्रेस के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को भी हार का खतरा है। लेविट ने सोशल मीडिया पर कहा, “मैं राष्ट्रपति की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे व्हाइट हाउस में उनकी ओर से बोलने की जिम्मेदारी दी।” उन्होंने कहा, “मुझे लिबरल मीडिया से सवाल करने और अमेरिकी लोगों तक राष्ट्रपति ट्रंप की सफलताओं की सच्चाई पहुंचाने में खुशी हुई।”
बता दें कि मई में लेविट ने अपने दूसरे बच्चे के जन्म की जानकारी दी थी। उनकी बेटी का नाम विवियाना है। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप पर कथित हत्या की कोशिश के बाद अपनी मैटरनिटी लीव कुछ समय के लिए टाल दी थी। उस समय बंदूक लिए एक हमलावर ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में घुसने की कोशिश की थी।



