म्यांमार की सेना अपने ही अस्पतालों पर गिरा रही बम

म्यांमार की सेना के हवाई हमले में प्रमुख विद्रोही सशस्त्र बल के कंट्रोल वाले इलाके में मौजूद अस्पताल तबाह हो गया। इस अटैक में 34 मरीज और मेडिकल स्टाफ के लोग मारे गए। खबरों के मुताबिक, पश्चिमी राज्य रखाइन के जातीय अराकान आर्मी के प्रभुत्व वाले इलाके म्राउक-यू टाउनशिप में बुधवार की रात को हुए हमले में जनरल अस्पताल में मौजूद लगभग 34 लोग मारे गए और 80 अन्य लोग जख्मी हो गए। हालांकि, सत्ताधारी सेना ने क्षेत्र में किसी भी अटैक की कोई खबर नहीं दी है।
रखाइन में रेस्क्यू टीम के एक सीनियर अधिकारी वाई हुन आंग ने बताया कि जेट लड़ाकू विमान ने रात को करीब 9 बजकर 13 मिनट पर 2 बम गिराए, जिनमें से एक बम हॉस्पिटल के रिकवरी वार्ड में गिरा और दूसरा अस्पताल की मेन बिल्डिंग के पास गिरा। उन्होंने बताया कि वे मदद देने के लिए अस्पताल पहुंचे और 17 महिलाओं व 17 पुरुषों की मौत दर्ज की। बमों से अस्पताल की इमारत का ज्यादातर हिस्सा नष्ट हो गया। धमाके में अस्पताल के पास खड़ी गाड़ियों, टैक्सियों और बाइक्स को भी नुकसान पहुंचा। अराकान आर्मी, म्यांमार की सरकार से आजादी की मांग करने वाले रखाइन जातीय अल्पसंख्यक आंदोलन की ट्रेन्ड आर्मी है। इसने नवंबर, 2023 में रखाइन में अपना आक्रमण शुरू किया और रणनीतिक तौर पर अहम क्षेत्रीय सेना मुख्यालय और रखाइन के 17 में से 14 कस्बों पर कब्जा जमा लिया।



