चार अन्य देशों पर ट्रम्प की कुदृष्टि

अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को उठाकर अपने यहां ले आया है। दोनों पर कानूनी कार्रवाई हो रही है। दुनिया भर के देश अमेरिका की कार्रवाई के तरीके की आलोचना कर रहे हैं। खास बात है कि ट्रंप की यह अटैक वाली धमकी केवल वेनेजुएला के लिए नहीं है। उन्होंने एक साथ कोलंबिया, क्यूबा, ईरान, ग्रीनलैंड (डेनमार्क का हिस्सा) और मैक्सिको को भी धमकी दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक प्लेन, एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा है कि कोलंबिया बीमार है और उसे अमेरिकी समर्थन की जरूरत है। इसका मतलब यह है कि अमेरिकी सेना अपने ऑपरेशन में कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को निशाना बनायेगी।
ट्रंप ने यह भी ही बताया कि उन्हें अपने पड़ोसी देश मैक्सिको के बारे में भी कुछ करना होगा। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मेक्सिको को बार-बार अमेरिकी सेना की पेशकश की है लेकिन उस देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम चिंतित हैं, वह थोड़ी डरी हुई हैं।
ट्रंप ने वेनेजुएला के बाद एक और लैटिन अमेरिकी देश- क्यूबा पर निशाना साधते हुए अपना हमला जारी रखा। ट्रम्प ने दावा किया कि क्यूबा की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए, वेनेजुएला के समान ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं होगी। वहां सरकार खुद गिर जाएगी। ट्रंप ने कहा, ऐसा लगता है कि क्यूबा पतन के कगार पर है। मुझे नहीं पता कि वे कैसे टिके रहेंगे। उनकी कोई आय नहीं है। उन्हें अपनी सारी आय वेनेजुएला से, वेनेजुएला के तेल से प्राप्त होती है।
ट्रंप ने ईरान को भी धमकी दी है कि अगर वो अपने यहां चल रहे विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता है तो अमेरिका जोरदार जवाब देगा। ईरान में प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की खबरों पर पहले ही ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका के मिसाइल हमले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इसी के साथ डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर कहा है कि अमेरिका को राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से ग्रीनलैंड की जरूरत है। ट्रंप ने कहा कि आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन की बढ़ती उपस्थिति के कारण ग्रीनलैंड अमेरिकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने कहा, हमें ग्रीनलैंड की जरूरत है। गौरतलब है कि ग्रीनलैंड में साल 1979 से व्यापक स्वशासन है, हालांकि रक्षा और विदेश नीति डेनमार्क के हाथों में है। इसीलिए ग्रीनलैंड को डेनमार्क का अर्ध-स्वायत्त हिस्सा माना जाता है।



