मोदी सरकारी दौरे पर मलेशिया पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के सरकारी दौरे पर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले एक वक्तव्य जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंधों ने हाल के सालों में सतत प्रगति देखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली वार्ता की प्रतीक्षा जताई, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाना है। इस दौरान रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को गहरा करने, आर्थिक व नवाचार साझेदारी बढ़ाने तथा सहयोग को नए क्षेत्रों में विस्तारित करने पर ध्यान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में मलेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मिलने की अपनी उत्सुकता भी बयान की। लगभग 30 लाख की आबादी वाला यह समुदाय दुनिया में भारतीय प्रवासियों के सबसे बड़े समूहों में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया के विकास में इस समुदाय का अमूल्य योगदान है और यह समुदाय दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु का कार्य करता है, जो हमारी ऐतिहासिक मित्रता की मजबूत बुनियाद है।



