विश्व-लोक

ट्रंप ने फिर खुद को शांति दूत के रूप में किया पेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनिया के सामने खुद को एक शांतिदूत के रूप में पेश किया है। अपने 100 मिनट से अधिक लंबे स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में ट्रंप ने दावा किया कि उनके हस्तक्षेप के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच एक संभावित परमाणु युद्ध टल गया। ट्रंप ने कहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उनसे कहा था कि अगर उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया होता तो 3.5 करोड़ लोग मारे गए होते। ट्रंप ने अपने इस दावे को भी दोहराया कि उन्होंने दो दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच युद्ध को रोकने में मदद की जो परमाणु युद्ध में तब्दील हो सकता था। ट्रंप ने कहा, ‘‘अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए।
ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोकने का श्रेय खुद को कई बार दे चुके हैं। यह दावा वह पिछले साल 10 मई से अब तक लगभग 100 बार कर चुके हैं, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में हुई ‘‘देर रात’’ की बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान ‘‘पूर्ण और तत्काल’’ युद्धविराम पर सहमत हुए हैं। भारत ने लगातार किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार किया है। अपने संबोधन में ट्रंप ने कई अन्य संघर्षों को भी सूचीबद्ध किया, जिन्हें सुलझाने में उन्होंने मदद करने का दावा किया। इनमें कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान, कांगो और रवांडा तथा गाजा में युद्ध शामिल हैं, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि ये युद्ध अब ‘‘बहुत निम्न स्तर’’ पर जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button