विश्व-लोक

रूस ने गलती से अपना छोटा विमान गिराया

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक चैंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने रूस के एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दावा किया जा रहा है कि रूसी एयर डिफेंस ने अपने ही एक छोटे विमान को यूक्रेनी ड्रोन समझकर निशाना बना लिया, जिसमें एक लोकप्रिय एविएशन ब्लॉगर पावेल कोश्किन और उनके साथी की मौत हो गई। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब रूस लगातार ड्रोन हमलों से जूझ रहा है और उसकी रक्षा प्रणाली हाई अलर्ट पर है। लेकिन इसी दबाव में हुई एक संभावित ‘फ्रेंडली फायर’ गलती अब चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पावेल कोश्किन अपने साथी के साथ एक छोटे विमान से मॉस्को क्षेत्र में उड़ान भर रहे थे। उनका विमान कोलोम्ना इलाके के पास गिरा, जो एक संवेदनशील मिसाइल प्लांट के करीब स्थित है, जहां इस्कंदर मिसाइलें बनाई जाती हैं। विश्लेषकों का कहना है कि विमान पर टोर एयर डिफेंस सिस्टम से हमला किया गया। स्थानीय लोगों ने आसमान में तेज धमाका और नीले धुएं का गुबार देखने की बात कही, जिससे मिसाइल हमले की आशंका और मजबूत होती है।
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना के बाद फ्रांस में रहने वाले रूसी एविएशन ब्लॉगर इगोर वोल्कोव ने सेना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘पावेल हमेशा सभी नियमों का पालन करते थे। ट्रांसपोंडर चालू था और फ्लाइट प्लान भी जमा था।’ उन्होंने इसे सेना की ‘लापरवाही और अक्षमता’ बताया। वोल्कोव का आरोप है कि लगातार ड्रोन हमलों से सैनिक थक चुके हैं और बिना पूरी जांच के फायरिंग कर रहे हैं। उनके शब्दों में, ‘वे बस बटन दबा देते हैं और अब दो लोगों की जान चली गई।’ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने ‘हमलों को तेज करने’ की कोशिश की, लेकिन इसका नतीजा सिर्फ उसके नुकसान के रूप में सामने आया। जेलेंस्की ने सेना प्रमुख ओलेक्सांद्र सिर्स्की के साथ बैठक के बाद कहा, ‘इस हफ्ते हमने देखा कि रूस ने बेहतर मौसम का फायदा उठाकर अपने हमले तेज करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने साफ किया कि इसका नतीजा रूस के लिए सकारात्मक नहीं रहा। उन्होंने कहा, ‘रूसी सेना के लिए इसका एकमात्र ठोस नतीजा उनके नुकसान में बढ़ोतरी है।’ जेलेंस्की के मुताबिक, सिर्फ पिछले सात दिनों में ही 8,000 से ज्यादा रूसी सैनिक मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। युद्ध के बीच कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button