किमजोंग ने मिसाइल दागी, दक्षिण कोरिया में हड़कम्प

जहां एक ओर ईरान-अमेरिका के बीच सीजफायर की खबर से जहां दुनिया भर में लोग राहत महसूस करने लगे वहीं इस उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से मिसाइल दाग कर अपने पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया में हड़कंप मचा दिया। किम जोग के नेतृत्व वाले उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से मिसाइल का प्रक्षेपण किया है। दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर कई छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। पिछले दो दिनों में यह उसका दूसरा मिसाइल परीक्षण था।दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय इलाके वॉनसन से दागी गईं और हर मिसाइल लगभग 240 किलोमीटर (150 मील) की दूरी तय करते हुए उत्तर कोरिया के पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर बढ़ी। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया, अमेरिका के साथ अपने मजबूत सैन्य गठबंधन के तहत, उत्तर कोरिया की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दक्षिण कोरियाई सेना ने यह भी बताया कि उसने उत्तर कोरिया की राजधानी के आसपास के इलाके से एक अज्ञात मिसाइल के प्रक्षेपण का भी पता लगाया था। सेना ने कहा कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां इस प्रक्षेपण से जुड़ी जानकारियों का विश्लेषण कर रही हैं। दक्षिण कोरियाई मीडिया ने बताया कि पिछला प्रोजेक्टाइल जो शायद एक बैलिस्टिक मिसाइल था लॉन्च के शुरुआती चरण में एक असामान्य गतिविधि दिखाने के बाद दक्षिण कोरियाई सेना के रडार से गायब हो गया। रिपोर्टों के मुताबिक इससे संकेत मिला कि यह लॉन्च असफल रहा।बता दें कि उत्तर कोरिया की ओर से इस मिसाइल को तब लॉन्च किया जा रहा है जब उसने साफ कर दिया है कि उसका दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सुधारने का कोई इरादा नहीं है। वहीं दक्षिण कोरिया की उदारवादी सरकार ने लंबे समय से बंद पड़ी बातचीत को फिर से शुरू करने की अपनी उम्मीदें लगातार जाहिर की हैं। उत्तर कोरिया विदेश मंत्रालय में पहले उप मंत्री जांग कुम चोल ने कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा उत्तर कोरिया का सबसे कट्टर दुश्मन देश बना रहेगा।



