विश्व-लोक

अमेरिका के रक्षा मंत्री को सैनिक ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अपनी पत्नी और अधिकारियों के एक समूह के साथ आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री पहुंचे थे। यहां अज्ञात अमेरिकी सैनिकों की समाधि के पास उनके समूह में हंसी-मजाक की आवाज सुनाई दी। यह देखकर वहां ड्यूटी पर मौजूद सैनिक ने उन्हें तुरंत टोक दिया और शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।
11 नवंबर को अमेरिका में वेटरन्स डे के मौके पर ये घटना हुई है। हेगसेथ इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित वार्षिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वह अपनी पत्नी जेनिफर हेगसेथ और तीन सलाहकारों के साथ स्मारक के पास पहुंचे। यहां समूह के कुछ लोग तस्वीरें खींच रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे।
जब स्मारक को देखने के लिए ये लोग पहुंचे तो फोटोसेशन के बाद समूह में मौजूद एक महिला के हंसने की आवाज सुनाई दी। वहां तैनात अमेरिकी सेना के जवान ने तुरंत पीछे मुड़कर समूह को देखा और ऊंची आवाज में सभी को अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी। उसने साफ शब्दों में कहा कि इस स्मारक पर आने वाले सभी लोगों को हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखना होगा। आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में स्थित टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर अमेरिका के सबसे सम्मानित सैन्य स्मारकों में से एक है। यहां उन अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिनकी पहचान युद्ध में मौत के बाद नहीं हो सकी थी। इस स्मारक पर चैबीसों घंटे अमेरिकी सेना की थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान पहरा देते हैं। यहां ड्यूटी करना सैनिकों के लिए बड़े सम्मान की बात मानी जाती है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन ने सैनिक की कार्रवाई का समर्थन किया। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button