न्यूयार्क में थैंक्स गिविंग परेड को ममदानी ने रोका

वाशिंगटन। अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के चलते देशभर में लोग अपनी रोड ट्रिप को लेकर उत्साह में है। बुधवार 25 नवम्बर को लाखों लोग सड़कों पर अपनी गाड़ियों के साथ रवाना हुए, जिससे कई प्रमुख हाइवे और फ्रीवे पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस में 405 फ्रीवे पर लंबा जाम लगा रहा, जबकि वर्जीनिया समेत कई राज्यों में भी यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। इस बीच न्यूयॉर्क में खराब मौसम की चेतावनी के चलते मशहूर मैसीज थैंक्सगिविंग डे परेड को निर्धारित समय से टाल दिया गया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि तेज हवाएं पेड़ों की शाखाएं तोड़ सकती हैं और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने कहा कि परेड को स्थगित करने का निर्णय कठिन जरूर था, लेकिन लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।
अमेरिका में थैंक्सगिविंग को परिवार और दोस्तों के साथ मनाने की परंपरा है। इसी वजह से यह साल का सबसे व्यस्त यात्रा सीजन माना जाता है। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के अनुसार इस वर्ष करीब 8.15 करोड़ लोग थैंक्सगिविंग सप्ताह के दौरान यात्रा करेंगे। इनमें बड़ी संख्या सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों की है। जिसका असर दिखने लगा है, कई हाईवे पर ट्रैफिक दबाव बढ़ गया। लॉस एंजिलिस की 405 फ्रीवे पर लंबी वाहन कतारें देखी गईं। वहीं वर्जीनिया में करीब 20 लाख लोगों के 50 मील या उससे अधिक दूरी की यात्रा करने का अनुमान था लेकिन कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें उम्मीद से कम ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। नॉर्थ कैरोलाइना से ओहायो जा रहे रॉब सुलिवन ने बताया कि केवल एक जंक्शन पर थोड़ी धीमी आवाजाही हुई, बाकी यात्रा काफी सहज रही। फ्लोरिडा से वर्जीनिया जा रहे ब्राइस हॉकिन्स ने कहा कि दक्षिण कैरोलाइना में निर्माण कार्य के कारण कुछ परेशानी हुई, लेकिन कोई बड़ा ट्रैफिक जाम नहीं मिला। टेनेसी से कनेक्टिकट जा रहे डेविड लॉजियर ने बताया कि यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा समय इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग में लगा। उन्होंने कहा कि चार्जिंग स्टेशनों पर कुछ देरी हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही और लोग धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। अमेरिका में थैंक्सगिविंग परिवार, दोस्तों और आभार व्यक्त करने का प्रमुख पर्व है। इस दिन लोग घरों में विशेष भोजन करते हैं, जबकि कई लोग परेड, फुटबॉल मैच और बाहरी गतिविधियों का भी आनंद लेते हैं। थैंक्सगिविंग के साथ ही अमेरिका में छुट्टियों के मौसम की औपचारिक शुरुआत भी मानी जाती है। इस दौरान खरीदारी, सामुदायिक सेवा और परिवार के साथ समय बिताने की परंपरा भी जुड़ी हुई है। (हिफी)



