अनुष्का की डेब्यू फिल्म 12 दिसम्बर को हुई थी रिलीज

किसी भी कलाकार के लिए यह बहुत बड़ी बात होती है जब उसकी पहली ही फिल्म रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो जाए और ऐसा ही हुआ था आज से 17 साल पहले अनुष्का शर्मा के साथ। जी हां, आज ही के दिन यानी 12 दिसंबर 2008 को रिलीज हुई रब ने बना दी जोड़ी के साथ अनुष्का ने बॉलीवुड में कदम रखा था। यह बिना मारधाड़ और शाहरुख खान की बिना एक्शन वाली फिल्म थी। यह एक साधारण सी लव स्टोरी पर बेस्ड फिल्म थी, जिसमें शाहरुख के साथ अनुष्का लीड रोल में नजर आई थीं। इस फिल्म के जरिए अनुष्का रातोंरात स्टार बन गई थीं, हालांकि यह फिल्म उन्हें किस्मत से मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म के लिए पहले सोनम कपूर ने ऑडिशन दिया था और वह इस फिल्म में काम करने के लिए भी तैयार थीं। वहीं, दूसरी ओर मेकर्स को नई लड़की की तलाश थी, जिसके लिए अनुष्का शर्मा का भी ऑडिशन लिया गया था। इस पर सोनम का कहना था कि वह भी तो इंडस्ट्री के लिए नई हैं। बताया जाता है कि सोनम ने जैसे ही दिल्ली 6 की शूटिंग शुरू कीं, इधर रब ने बना दी जोड़ी के लिए अनुष्का का चयन हो गया और अपनी डेब्यू से ही वह चमक उठीं और उनकी किस्मत ऐसी चमकी कि उनका नाम आज भी बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में लिया जाता है। रब ने बना दी जोड़ी साल 2008 की दूसरी सबसे ज्यादा
कमाई करने वाली फिल्म बनकर उभरी थी। इस फिल्म को बनाने में मेकर्स
के लगभग 31 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि वर्ल्डवाइड इस ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 157 करोड़ की कमाई करने में सफलता हासिल की थी।यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जिसे आदित्य चोपड़ा ने लिखा और निर्देशित किया था। (हिफी)



