श्रीदेवी और रजनीकांत के बीच था गहरा रिश्ता

भारतीय सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी ने हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से देश के दर्शकों का दिल जीत लिया। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता इस अभिनेत्री की पर्सनल लाइफ भी हमेशा लोगों का
ध्यान खींचती रही। अपने लंबे करियर में उनका नाम कई बड़े सितारों के साथ जुड़ा। शादी से पहले श्रीदेवी ने कई फिल्मी कलाकारों को डेट किया, जिससे मीडिया और फैंस के बीच खूब चर्चाएं हुईं। मिथुन चक्रवर्ती और जीतेंद्र के साथ उनकी कई फिल्में ब्लॉकबस्टर रही और इन दोनों सितारों के साथ उनका नाम जुड़ने के बावजूद सबसे ज्यादा चर्चा रजनीकांत के साथ उनके संबंधों को लेकर रही। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था और सभी के फेवरेट बन गए थे।असल में श्रीदेवी और रजनीकांत के बीच एक गहरा रिश्ता था। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 20 से ज्यादा फिल्मों में साथ काम किया और शूटिंग के दौरान उनकी दोस्ती और नजदीकियां बढ़ीं। कहा जाता है कि रजनीकांत धीरे-धीरे श्रीदेवी के प्रति प्यार महसूस करने लगे और उनसे शादी करने की इच्छा रखते थे, जो उनसे 13 साल छोटी थीं। श्रीदेवी भी उन्हें सच्चा साथी मानती थी। एक पुराने इंटरव्यू में फिल्म निर्माता बालाचंदर ने बताया कि रजनीकांत ने श्रीदेवी को शादी के लिए प्रपोज करने का मन बनाया था। दरअसल एक्ट्रेस ने नया घर खरीदा था और उसके गृह प्रवेश में रजनीकांत को न्योता दिया था। इसी कार्यक्रम के बीच ही रजनीकांत उन्हें शादी के लिए प्रपोज करने वाले थे, लेकिन अचानक बिजली चली गई और इसे अपशकुन मानते हुए रजनीकांत ने बिना कुछ कहे घर छोड़ दिया। बाद में रजनीकांत ने 1981 में लता रंगाचारी से शादी की, जबकि श्रीदेवी ने 1996 में बोनी कपूर से शादी की। (हिफी)



