सीक्वल से पहले ‘धुरंधर’ दोबारा रिलीज

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। इस स्पाय-थ्रिलर फिल्म ने न केवल दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया, बल्कि हफ्तों तक बॉक्स ऑफिस के चार्ट और रिकॉर्ड्स पर अपना दबदबा भी बनाए रखा। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के कई महीनों बाद भी सोशल मीडिया और सिनेमा प्रेमियों के बीच इसे लेकर चर्चा थमी नहीं है। इस उत्साह को तब और पंख मिल गए, जब निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर इसके दूसरे भाग धुरंधर द रिवेंज की घोषणा की। यह सीक्वल 19 मार्च 2026 को वैश्विक स्तर पर रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म की सफलता का एक बड़ा श्रेय इसके प्रभावशाली कलाकारों को जाता है। मुख्य भूमिका में रणवीर सिंह के साथ-साथ फिल्म में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज अभिनेता अहम किरदारों में नजर आए हैं। दूसरे भाग के आने से ठीक पहले फिल्म धुरंधर को एक बार फिर बड़े पर्दे पर रिलीज किया जा रहा है। फिल्म ने 12 मार्च को दुनिया भर के लगभग 500 स्क्रीन्स पर दोबारा दस्तक दी। भारत में इसे 250 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है, जबकि 13 मार्च से विदेशी बाजारों में भी 250 स्क्रीन्स पर इसकी वापसी होगी। दूसरी किश्त धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को पूरी दुनिया में रिलीज होने वाला है। वैश्विक लॉन्च से एक दिन पहले 18 मार्च को संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा में विशेष प्रीमियर शो भी आयोजित किए जाएंगे। फिल्म के पहले भाग को सीक्वल से ठीक कुछ दिन पहले रिलीज करने की रणनीति इसलिए बनाई गई है ताकि दर्शक अगली कहानी शुरू होने से पहले पिछले घटनाक्रमों से पूरी तरह जुड़
सकें। (हिफी)



