कच्चा बादाम फेम अंजली को लीगल नोटिस

सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ गाने से पहचान बनाने वाली इन्फ्लुएंसर अंजली अरोड़ा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि कानपुर में हुआ एक कार्यक्रम है। आरोप है कि अंजली अरोड़ा तय समय तक मंच पर नहीं रुकीं और जितनी देर की प्रस्तुति का वादा किया गया था, उससे काफी कम समय में कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। अब इस मामले ने कानूनी रूप ले लिया है। कार्यक्रम के आयोजक ने अंजली और उनकी मैनेजर को 1 करोड़ 20 लाख रुपये का लीगल नोटिस भेजा है। साथ ही 15 दिन के अंदर जवाब देने, हर्जाना चुकाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है।
इस पूरे मामले में अंजली अरोड़ा भी अपना पक्ष रख चुकी हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर कानपुर के इस कार्यक्रम में ऐसा क्या हुआ कि मामला लाखों के कथित नुकसान से बढ़कर करोड़ों रुपये के नोटिस तक पहुंच गया?
यह मामला 15 अक्टूबर 2026 को कानपुर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट’ कार्यक्रम से जुड़ा है। आयोजक आशीष कुमार के मुताबिक, इस कार्यक्रम में अंजली अरोड़ा को प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। उनकी मैनेजर प्रीति दुबे के साथ बातचीत के बाद 30 मिनट की प्रस्तुति के लिए तीन लाख रुपये तय किए गए थे। आयोजकों का दावा है कि बाद में प्रस्तुति का समय बढ़ाकर 45 मिनट करने पर भी सहमति बनी थी। आयोजक के मुताबिक, अंजली को रात 9 बजे से 9.45 बजे तक प्रस्तुति देनी थी, लेकिन वह करीब 9.45 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने मंच पर लगभग 12 मिनट तक प्रस्तुति दी और वहां से चली गईं। आयोजकों का कहना है कि इससे कार्यक्रम की योजना प्रभावित हुई और दर्शकों के साथ-साथ आयोजन से जुड़े लोगों को भी परेशानी हुई। (हिफी)



