फिल्मी

धर्मेन्द्र की पहली बरसी पर हेमा की भावुकता

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति से उबरना आसान नहीं लग रहा है। उन्होंने धर्मेंद्र को सिर्फ अपना पति नहीं, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक और जीवन का सबसे मजबूत सहारा बताया। अभिनेत्री के मुताबिक धर्मेंद्र उनके लिए सब कुछ थे और उनका पूरा अस्तित्व उन्हीं से जुड़ा हुआ था। हेमा ने अपने पोस्ट में लिखा, मैं एक ऐसे व्यक्ति को खोने के अपार और अपूरणीय दुख से गुजर रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति नहीं थे। वह मेरे सब कुछ थे। मेरे दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक, मेरी ताकत और संक्षेप में कहूं तो मेरा पूरा अस्तित्व थे। अभिनेत्री ने आगे बताया कि धर्मेंद्र के बिना जिंदगी बेहद खाली महसूस होती है। उनकी शख्सियत, अच्छाई और लोगों के प्रति उनका प्यार हमेशा याद आता रहेगा। हेमा ने कहा कि धर्मेंद्र ने अपने जीवन में अपार सफलता हासिल की, लेकिन इसके बावजूद वह हमेशा विनम्र और जमीन से जुड़े रहे। अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव और हर किसी के प्रति उनका स्नेह उनकी सबसे खास खूबियों में शामिल था।
अपने भावुक संदेश में हेमा मालिनी ने भगवद्गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि गीता में आत्मा को अमर बताया गया है और कहा गया है कि आत्मा का पुनर्जन्म होता है। वह इस आध्यात्मिक सत्य को समझती हैं, लेकिन इस जीवन में धर्मेंद्र की मौजूदगी को बहुत याद करती हैं। धर्मेंद्र के साथ बिताए साल और उनकी यादें आज भी हेमा के लिए कितनी अनमोल हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रशंसक इस पोस्ट पर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और दिवंगत अभिनेता को याद कर रहे हैं। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने साल 1980 में शादी की थी। दोनों की दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में मुंबई स्थित उनके आवास पर उम्र संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया था। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button