आशा ताई के गाने के बाद बरेली में टांगा गया झुमका

हिंदी सिनेमा का सदाबहार गाना झुमका गिरा रे ने न केवल आशा भोसले को नई ऊंचाइयां दीं, बल्कि एक शहर की पहचान भी बदल दी। 1960 के दशक में फिल्म मेरा साया के लिए गाए गए इस क्लासिक हिट को आशा ताई ने अपनी आवाज से इतना मशहूर कर दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली में 14 फीट ऊंचा पीतल का झुमका स्थापित किया। इस विशेष चैराहे का नाम झुमका चैक रखा गया, जो गायिका के 83 साल लंबे शानदार संगीत सफर और उनकी कला के प्रति एक अनोखा सम्मान है।
सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल के अपकमिंग एपिसोड में सुरों की मल्लिका आशा भोसले को खास श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस मौके पर शो में मौजूद मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने आशा ताई के सदाबहार गीतों की यादें ताजा कीं। उन्होंने मंच पर फिल्म मेरा साया के क्लासिक गाने झुमका गिरा रे के बनने के पीछे का बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया। यह एपिसोड संगीत प्रेमियों के लिए पुरानी यादों और बेहतरीन परफॉरमेंस का एक शानदार संगम होने वाला है, जहां आशा भोसले के संगीत के सफर का जश्न मनाया जाएगा। मनोज ने बताया कि महान संगीत निर्देशक मदन मोहन ने एक दिन आशा भोसले को फोन किया और कहा कि आशा मेरे पास तुम्हारे लिए एक गाना है। गाने के बोल हैं- झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में। इसके अलावा मनोज मुंतशिर ने कहा कि आशा भोसले ने इस गाने को इतना मशहूर कर दिया कि सरकार ने बरेली के बाहरी इलाके में 14 फीट ऊंचा झुमका बनवाया और उस चैराहे का नाम झुमका चैक रख दिया। आशा भोसले की आवाज से सजा गाना झुमका गिरा रे क्लासिक हिट फिल्म मेरा साया (1966) का है, जिसे राज खोसला ने निर्देशित किया था। यह गाना 1960 के दशक में हिट हुआ था और हिंदी सिनेमा में इसे एक खास दर्जा मिला। गाना झुमका गिरा रे मुख्य रूप से साधना शिवदासानी पर एक चुलबुले व शरारती अंदाज में फिल्माया गया था। इस फिल्म में सुनील दत्त, साधना शिवदासानी, प्रेम चोपड़ा, केएन सिंह और अन्य कलाकारों ने भी काम किया था। महान गायिका आशा भोसले की बात करें तो 12 अप्रैल को उनका निधन हो गया था। (हिफी)



