साई पल्लवी व जुनैद की फिल्म एक दिन रिलीज

साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘एक दिन’ आखिरकार 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, खासकर इसलिए क्योंकि यह साई पल्लवी की हिंदी सिनेमा में पहली फिल्म है। रिलीज के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने फिल्म को बेहद इमोशनल और खूबसूरत लव स्टोरी बताया तो कुछ लोगों ने इसकी कहानी और ओरिजिनैलिटी पर सवाल खड़े किए। फिल्म एक दिन एक आम लेकिन दिल को छू लेने वाली कहानी है। यह थाई फिल्म वन डे का हिंदी रीमेक है, जो 2016 में आई थी। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में जुनैद खान ने दिनेश उर्फ दीनो का किरदार निभाया है, जो एक आईटी ऑफिस में काम करता है और बेहद शांत स्वभाव का है। दरअसल, ऑफिस में उसे कोई नोटिस ही नहीं करता और लोग अक्सर उसका नाम भी भूल जाते हैं। दिनेश को अपनी ऑफिस की सहकर्मी मीरा (साई पल्लवी) से प्यार हो जाता है, लेकिन वह अपनी इस दिल की बात कभी उसे बता नहीं पाता। कहानी में तब ट्विस्ट आता है जब पूरी ऑफिस जापान की ट्रिप पर जाती है। एक दुर्घटना के बाद जब मीरा को ट्रांजिएंट ग्लोबल एम्नेसिया (अस्थाई भूलने की बीमारी) हो जाती है, तो दिनेश को मौका मिलता है कि वह अपने प्यार का इजहार कर सके। वह उससे एक दिन के लिए अपनी गर्लफ्रेंड बनने की इच्छा जताता है और फिर शुरू होती है एक अलग ही लव स्टोरी। जुनैद खान की परफॉर्मेंस को कुछ ने कमजोर बताया। लेकिन कुछ ऐसे भी हैं, जिन्हें कहानी पसंद आई है। एक यूजर ने फिल्म को नो गन्स, ओन्ली रोजेज और इसे सीधा-सादा प्यार की कहानी बताया। मशहूर फिल्म समीक्षक सुभाष के झा ने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे प्यार और संवेदनाओं से भरी कहानी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, यह ऐसी फिल्म है जो नफरत नहीं बल्कि प्यार को अपनाती है। (हिफी)



