चांदनी में छोटी भूमिका से भी छा गयी थीं जूही चावला

जूही चावला ने अपने करियर में एक ब्लॉकबस्टर फिल्म में काम किया था, लेकिन इस फिल्म को करके वह बहुत पछताई थीं। खास बात तो ये है कि ये फिल्म पहले माधुरी दीक्षित और मीनाक्षी शेषाद्रि जैसी अभिनेत्रियों को ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया था। हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वह 1989 में रिलीज हुई चांदनी। चांदनी में श्रीदेवी लीड रोल में थीं और उनके साथ इस फिल्म में ऋषि कपूर और विनोद खन्ना जैसे कलाकार नजर आए थे। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और छप्परफाड़ कमाई की। इस फिल्म के गानों से लेकर कलाकारों के अभिनय तक को खूब पसंद किया गया। चांदनी श्रीदेवी के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म में जूही चावला ने भी काम किया था, उन्होंने फिल्म में देविका की छोटी सी भूमिका निभाई थी, जिसे करने पर जूही चावला को काफी पछतावा हुआ था।
उन दिनों जूही इंडस्ट्री में नई थीं और उन्होंने इस किरदार के लिए हमाी भर दी लेकिन, जब फिल्म रिलीज हुई तो वह अपने रोल को देखकर काफी निराश हो गईं। जूही को लगा कि उनके सीन में काट-छांट की गई है और उनके सीन सिर्फ बेडरूम सीन तक ही सीमित कर दिए गए हैं। इसीलिए उन्होंने बाद में इस फिल्म को करने पर पछतावा जाहिर किया था। ‘चांदनी’ में यूं तो जूही चावला का रोल काफी छोटा था, लेकिन इसमें वह एक सुपरहिट सॉन्ग ‘लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है’ का हिस्सा थीं, जिसमें वह सफेद ड्रेस पहनकर बारिश में डांस करती नजर आई थीं। जूही भले ही इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में छोटे से रोल में थीं, लेकिन अपनी छाप छोड़ने में सफल रहीं। खास बात तो ये है कि वह अपने छोटे से रोल से यश चोपड़ा को भी प्रभावित करने में सफल रहीं, जिसके बाद उन्होंने जूही को अपनी फिल्म ‘डर’ में किरण के लीड रोल में कास्ट किया और ये फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी और हिट फिल्मों में शुमार रही। (हिफी)



