पंजाब में नवजोत ने छोड़ी कांग्रेस

राहुल गांधी भाजपा नेतृत्व पर बरगलाने का आरोप लगाते हैं लेकिन उनकी पार्टी मंे भी नेतृत्व के प्रति असंतोष भरपूर हैं। केरल के सांसद शशि थरूर ने पिछले दिनों राहुल गांधी से मुलाकात कर पार्टी छोड़ने की अफवाहों पर विराम लगा दिया है लेकिन पंजाब मंे कांग्रेस बिखरने के कगार पर है। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ दी है। सोशल मीडिया पर गत 31 जनवरी को उन्हांेने यह जानकारी दी थी। नवजोत कौर ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्हांेने राजा वडिंग को अक्षम और भ्रष्ट अध्यक्ष बताया है। नवजोत कौर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया है। हालांकि नवजोत कौर का राजनीतिक जीवन भी विवादित रहा है। गत वर्ष दिसम्बर में उन्हांेने राजा वडिंग पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए पांच सौ करोड़ रुपये लगते हैं। इस बयान के चलते उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद भी नवजोत ने कहा था कि वह और उनके पति नवजोत सिद्धू हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ रहेंगे। अब उन्हांेने अपना वादा तोड़ते हुए पार्टी छोड़ दी है। नवजोत ने कभी यह भी कहा था कि पार्टी यदि 2027 के विधानसभा चुनाव मंे उनके प्रति को सीएम का चेहरा घोषित करे तो सिद्धू सक्रिय राजनीति में लौटेंगे।
पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भड़ास निकाली और उन्हें अब तक का सबसे घिनौना, अक्षम और भ्रष्ट अध्यक्ष बताया। राजा वडिंग को घेरते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, आपने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर कांग्रेस को बर्बाद करके खुद को जेल जाने से बचा लिया। आपने आप के साथ मिलीभगत करके छोटे-मोटे फायदे के लिए पार्टी बेच दी। मेरे लिए तो आपके पास निलंबन पत्र तैयार था, लेकिन उन लगभग 12 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं का क्या जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ काम कर रहे थे? और आपने नवजोत को हराने के लिए उन सभी को बड़े-बड़े पद देकर पुरस्कृत किया। मेरे पास आपको बेनकाब करने के पर्याप्त सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खुद कांग्रेस छोड़ दी है, जहां कोई भी होनहार नेता नजर नहीं आता।
राजा वडिंग पर निशाना साधते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, आपने मेरी सीट पर लोगों को जानबूझकर बिठाया ताकि वे मुझे हरा सकें। आशु, चन्नी, भट्टल जी, डॉ. गांधी जी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपकी कार्रवाई कहां है जिन्होंने खुलेआम आपको और आपकी पार्टी को चुनौती दी है? आप हंसी का पात्र बन गए हैं और लोग आपके वीडियो का आनंद ले रहे हैं। नवजोत से प्रेम करने वाले कांग्रेसी नेताओं का अपमान करना बंद करें। आप पार्टी को जिताने के बजाय उसे बर्बाद करने में ज्यादा व्यस्त हैं। अपनी मातृ पार्टी के प्रति ईमानदार न होने पर आपको शर्म आनी चाहिए। आपने काफी नुकसान कर दिया है। नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, मैं शायद उन गिने-चुने लोगों में से एक हूं जो भाजपा, आम आदमी पार्टी या किसी अन्य पार्टी के नेता से राजनीतिक कारणों से नहीं मिली हूं और न ही किसी पार्टी के किसी नेता ने मुझसे संपर्क किया है। मैं अपने व्यक्तिगत इृष्टिकोण और अंतरात्मा के आधार पर बात कर रही हूं क्योंकि मैं वाहेगुरु जी के प्रति जवाबदेह हूं, किसी और के प्रति नहीं। मैं केवल पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहती हूं, जो मैं एक गैर सरकारी संगठन बनाकर कर सकती हूं और गुरु ग्रंथ साहिब जी के उपदेशों को समझकर और जीवित, ज्ञानी संतों की संगति में रहकर अपनी आत्मा के विकास के लिए काम कर सकती हूं, ताकि मैं निस्वार्थ सेवा और आत्मा के विकास के बारे में कुछ सीख सकूं। हालही में भगवत गीता के उपदेशों के साथ तीन दिनों का अद्भुत आनंदमय समय बिताया और प्रेमानंद महाराज जी जैसे ज्ञानी संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया, जिन्होंने कई आत्माओं के विकास में सहायता की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये वाले बयान के चलते कांग्रेस से निलंबित की गईं नवजोत कौर सिद्धू ने साफ कहा था कि वह और उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ रहेंगे। हालांकि उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर तीखा हमला किया है। नवजोत ने वडिंग पर पार्टी को बर्बाद करने का आरोप लगाया। बता दें कि नवजोत को हाल ही में कहा था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये लगते हैं। उनके इस बयान से राजनीतिक हंगामा मच गया था। नवजोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे, और हम अपने पंजाब राज्य को जीतेंगे और इसे अपने विनम्र, प्रिय और त्याग के प्रतीक गांधी परिवार को उपहार स्वरूप देंगे। उन्होंने वडिंग पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 कुशल, ईमानदार और वफादार नेता उनके संपर्क में हैं।
मालूम हो कि नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि यदि कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है तो उनके पति सक्रिय राजनीति में लौटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन वे पंजाब को स्वर्णिम राज्य में बदल सकते हैं।
नवजोत ने वडिंग पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, टिकट बेचने के आरोप में आपको गुजरात से निकाल दिया गया था और आपने वहां महंगी गाड़ियां, जमीनें और मेट्रो खरीदीं। राजा वडिंग, अपने उन कुत्तों का इस्तेमाल मत करो जिन्हें आपकी वजह से टिकट मिले हैं। आप लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ
काम क्यों कर रहे हैं और उम्मीदवारों को हराकर उन्हें अन्य पार्टियों में
शामिल होने के लिए मजबूर क्यों कर रहे हैं?
नवजोत ने अपने निलंबन पर बात करते हुए पटियाला में कहा था कि नोटिस एक ऐसे व्यक्ति की ओर से आया है, जिनके पास कोई मान्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई नोटिस जारी किए जाते रहे हैं। कौर ने बताया कि वह पार्टी आलाकमान के संपर्क में हैं उन्होंने कहा, पार्टी (आलाकमान) के साथ उचित चर्चा की जा रही है लेकिन हमारी एक शर्त है कि हम ‘चोरों’ का समर्थन नहीं करेंगे।
पंजाब के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के आरोपों को निराधार बताया था।(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



