लेखक की कलम

एनसीपी के विलय में रोड़ा

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) मंे एक और बदलाव की बयार तेजी से चल रही है। वरिष्ठों से कनिष्ठों तक की भूमिका सामने आने लगी है लेकिन कुछ रोड़े भी साफ-साफ दिखाई पड़ रहे हैं। राजनीतिक पंडितों के अनुसार एनसीपी के विलय की पटकथा तैयार है लेकिन स्वर्गीय अजित पवार की पत्नी और राज्य की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार इसके पक्ष मंे नहीं दिखतीं। गत दिनों (11 नवम्बर को) डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने 15 नवम्बर को मनाए जाने वाले बिरसा मुंडा जयंती समारोह मंे संदर्भ मंे पत्रकारों को संबोधित कर
रही थीं। उसी समय पत्रकारों ने
यह सवाल भी पूछ लिया। सुनेत्रा पवार ने इस प्रश्न को टाल दिया। दूसरी तरफ शरद पवार की पुत्री सुप्रिया सुले ने दोनों गुटों के विलय का स्वागत किया है। शरद पवार के आवास पर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो
गयी हैं।
महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलें चल रही है। इस बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते कई तरह की बातें कही हैं। पिछले कुछ दिनों से अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के विलय को लेकर सूबे में सियासी हलचल तेज है, हालांकि दोनों तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसी से जुड़ा सवाल पूछे जाने पर सुनेत्रा पवार ने कहा, “जैसे-जैसे समय आएगा, आपको सारी बातें बता दी जाएंगी। सुनेत्रा पवार ने बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। बिरसा जी ने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए काम किया है। वे केवल जनजातियों के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के देवता हैं। इस दिन को जनजातीय दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
बताया जाता है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विलय की पटकथा तैयार हो गई है। शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछले दिनों शरद पवार गुट एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे, जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड के साथ लगातार बैठकें हुईं। सूत्रों के अनुसार, शरद पवार और सुप्रिया सुले की मौजूदगी में देर रात तक बैठकें हुईं, जिनमें मुख्य रूप से दोनों एनसीपी गुटों के “विलय” को लेकर चर्चा की गई।
हालांकि यह मर्जर इतना आसान भी नहीं है। सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले के बीच सामंजस्य कैसे बनेगा? पार्थ पवार और रोहित पवार की सियासी महत्वाकांक्षा कैसे पूरी होगी? केंद्र और राज्य सरकार में समीकरण कैसे सेट होगा? जैसे कई अहम सवाल बने रहेंगे। इधर इस विलय की अटकलों से दोनों गुटों के नेताओं में भी उहापोह की स्थिति बनी है। अब तो सुनेत्रा गुट के विधायक सामने से यह मांग कर रहे हैं कि सही-सही सब कुछ बता दो। पार्थ पवार ने दो बार शरद पवार से मुलाकात की।
एनसीपी विलय की चर्चा के बीच एनसीपी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे बारामती में अजित पवार के आवास पर पहुंचे, जहां उनकी पवार परिवार से मुलाकात हुई। विलय के पक्ष में बताए जा रहे एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे अजित पवार के बारामती स्थित काटेवाड़ी स्थित आवास पर पहुंचे। इसी स्थान पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद पार्थ पवार, जय पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, जय पवार और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चा हुई। बारामती के काटेवाड़ी पहुंचने से कुछ समय पहले ही सुनील तटकरे ने अजित पवार के स्मृति स्थल पर जाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इस दौरे को लेकर सुनील तटकरे ने कहा कि, मैं हर साल दिवाली पाड़वा के अवसर पर पवार परिवार से मुलाकात करने के लिए बारामती आता रहता हूं। भले ही इसे त्योहारी मुलाकात बताया जा रहा था, लेकिन दोनों एनसीपी गुटों के विलय की चल रही गरमा-गरम चर्चाओं के बीच सुनील तटकरे और सुनेत्रा पवार की इस मुलाकात को बेहद अहम माना गया क्यूंकि तटकरे विलय में पक्ष में बताये जा रहे हैं जबकि सुनेत्रा, विलय के खिलाफ।
दूसरी ओर विधायक रोहित पवार दोनों एनसीपी के एक होने या विलय के प्रस्ताव के सख्त खिलाफ हैं। उनकी स्पष्ट भूमिका है कि विलय बिल्कुल नहीं होना चाहिए। रोहित पवार, शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी लेने सिल्वर ओक पहुंचे थे, तब कुछ नेताओं की मौजूदगी में विलय की चर्चा शुरू हुई।
सूत्र बताते हैं कि यह विषय निकलते ही रोहित पवार वहां से तुरंत निकल गए। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि यदि भविष्य में दोनों एनसीपी गुटों का विलय होता है, तो रोहित पवार पार्टी से अलग होकर अपनी कोई नई राजनीतिक राह चुन सकते हैं।
रोहित पवार रणनीतिक रूप से विपक्ष में बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि महाराष्ट्र में नेतृत्व की खाली जगह को भरा जा सके, खासकर ऐसे समय में जब मौजूदा सरकार के खिलाफ काफी नाराजगी है। उन्हें डर है कि रूढ़िवादी और अल्पसंख्यकों के विरोधी राजनीतिक समूहों के साथ गठबंधन करने से पार्टी की प्रगतिशील फुले-शाहू-अंबेडकर विरासत को नुकसान पहुंचेगा और पारंपरिक मतदाता दूर हो जाएंगे। रोहित पवार जन-आंदोलनों का नेतृत्व करके और नागरिकों के मुद्दों को सुलझाकर खुद को पूरे राज्य में विपक्ष के एक प्रमुख चेहरे के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। हाल ही में पेपर लीक, एमपीएससी विवाद, उजानी बांध, एआई डेटा सेंटर, किसानों के मुद्दों और छात्रों के आंदोलनों का नेतृत्व करके, रोहित पवार राज्य में विपक्ष की एक बड़ी और मजबूत ताकत के रूप में खुद को स्थापित करना चाहते हैं। वह जानते हैं विपक्ष में रहने से उन्हें अपनी राजनीतिक क्षमता साबित करने का मौका मिलता है। इससे वे विरासत में सत्ता पाने वाले के ठप्पे को हटा सकते हैं और पवार परिवार की सत्ता-विरासत से अलग अपनी पहचान बना सकते हैं।
जामखेड़ सीट पर भाजपा के राम शिंदे के खिलाफ करीबी जीत के बाद, उनका लक्ष्य समाज के सभी वर्गों से जुड़े अहम मुद्दों को उठाकर खुद को एक संघर्ष से निखरे जन-नेता के रूप में स्थापित करना है। वे समझते हैं कि अगर पार्टी एकजुट होती है, तो कैबिनेट पदों के लिए जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे और जितेंद्र आव्हाड जैसे वरिष्ठ नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में, सरकार में मंत्री बनने का उनका मौका खत्म हो जाएगा और उनकी भूमिका भी सीमित रह जाएगी। विलय होने पर उन्हें पार्थ पवार, जय पवार और सुप्रिया सुले के नेतृत्व में काम करना पड़ेगा, जिससे उनके स्वतंत्र राजनीतिक विकास पर रोक लग जाएगी। विलय की बातचीत से पीछे हटने का रोहित पवार का फैसला यह दिखाता है कि वे किसी ऐसे समझौते को स्वीकार करने के बजाय, जो उनके राजनीतिक भविष्य से समझौता करता हो, अपना एक स्वतंत्र रास्ता चुनना चाहते हैं। (अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button