लेखक की कलम

ओवैसी-चंद्रशेखर की पारी, किस पर पड़ेगी भारी

उत्तर प्रदेश मंे 2027 के विधानसभा चुनाव की मोर्चेबंदी अब आकार लेने लगी है। सत्तारूढ़ भाजपा के साथी अभी एनडीए के साथ हैं लेकिन वे भी चुनाव की घोषणा होने तक उछल-कूद कर सकते हैं। उधर, राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी सपा को 2024 के लोकसभा चुनाव और अभी हाल में एमएलसी के निर्वाचन से ऊर्जा मिली लेकिन कांग्रेस से गठबंधन महंगा पड़ सकता है। इसका एक कारण कांग्रेस की सीटों को लेकर सौदेबाजी है तो दूसरा कारण स्वामी प्रसाद मौर्य हैं जिन्हें कांग्रेस ने गोद मंे बैठा लिया लेकिन अखिलेश यादव नकार रहे हैं। प्रदेश की तीसरी ताकत बसपा है जिसको पूर्व सीएम मायावती गठबंधन से दूर रखने की घोषणा कर चुकी हैं। इसी बीच 12 नवम्बर को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन कर लिया। ओवैसी ने इंडिया गठबंधन से जुड़ने का बहुत प्रयास किया था लेकिन अखिलेश यादव तैयार नहीं हुए। इसी के बाद ओवैसी का यह बयान चर्चा मंे आया था कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, विधायक बनेगा। बहरहाल, माना जा रहा है कि प्रदेश की 58 विधासभा सीटों पर ओवैसी-चंद्रशेखर फैक्टर का प्रभाव पड़ सकता है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव मंे भाजपा इन सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। यूपी के चुनाव में मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। यह वोट बैंक सपा, बसपा और ओवैसी चन्द्रशेखर के खेमे में बिखर गया तो भाजपा को इसका लाभ मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में अगले साल अर्थात् 2027 में होने वाले चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एक नए गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान हो गया है। बता दें कि पहले माना जा रहा था कि मुख्य मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच ही है, लेकिन ये गठबंधन भी यूपी चुनाव पर प्रभाव डालेगा। ओवैसी और आजाद दोनों की नजर दलित और मुस्लिम वोटों को एकजुट करने पर है। इस थर्ड फ्रंट में कुछ और छोटी पार्टियां भी शामिल होंगी। कुछ नेताओं को भी शामिल करने के लिए बातचीत जारी है। बता दें कि जानकारी मिल रही है कि ये फ्रंट 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, ओवैसी की नजर 40 से 45 मुस्लिम बहुल सीटों पर है। इन सीटों पर ओवैसी ने चुनावी अभियान भी तेज कर दिया है। यूपी की 143 सीटों पर मुस्लिम वोटरों का प्रभाव है। चंद्रशेखर दलितों में मजबूत होने की कोशिश कर रहे हैं। बीएसपी की कमजोर होती पकड़ में वह जगह तलाश रहे हैं। दलित वोटर यूपी में 140 सीटों पर प्रभावी हैं, अब दोनों के साथ आने से सामाजिक समीकरण बदलेंगे। सवाल ये हैं दोनों नेताओं के साथ आने से किसका नुकसान होगा।
मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण करें और समझने की कोशिश करें कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से किस राजनीतिक दल या नेता को फायदा होगा और किसे नुकसान हो सकता है। पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश की 58 ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां बीजेपी उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इन 58 सीटों पर मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। इन सीटों में सिराथू विधानसभा सीट भी शामिल है, जहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को हार का सामना करना पड़ा था। यहां पल्लवी पटेल ने 7,337 वोटों से जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की इटवा विधानसभा सीट भी इस सूची में शामिल है, यहां बीजेपी उम्मीदवार 1,662 वोटों से हार गए थे। चांदपुर, रामनगर, इसौली, दिबियापुर और डुमरियागंज जैसी सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार महज 234 से 771 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। ये 58 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन का सीधा असर देखने को मिल सकता है। अगर इन सीटों पर तीसरे मोर्चे के उम्मीदवार को 5,000 या उससे कुछ ज्यादा वोट मिल जाते हैं, तो चुनावी नतीजों का समीकरण बदल सकता है।
इस तीसरे मोर्चे के उम्मीदवारों की जमानत भले ही जब्त हो जाए, लेकिन उन्हें मिलने वाले वोट जीत और हार का अंतर तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद इसे पहला मोर्चा बता रहे हैं। इसलिए नतीजों को लेकर पूर्वानुमान व्यर्थ है।
इतना तय है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण अलग थे और 2027 मंे अलग होंगे। उस समय समाजवादी पार्टी के गठबंधन में आरएलडी और सुभासपा शामिल थीं। अब आरएलडी और सुभासपा दोनों बीजेपी के साथ गठबंधन में हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जयंत चैधरी की पार्टी आरएलडी का अपना प्रभावशाली वोट बैंक है। वहीं, ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा की राजभर समुदाय में राजनीतिक पैठ है। ऐसे में 2022 के चुनावी आंकड़ों को समझते समय उस समय के गठबंधन और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के अंतर को भी ध्यान में रखना होगा। फिलहाल ये 58 विधानसभा सीटें महत्वपूर्ण हैं, जहां 2022 के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे। आगामी चुनाव में इन सीटों पर तीसरे मोर्चे की मौजूदगी चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकती है।
असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में अखिलेश और पीडीए पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता बनेगा, विधायक और सांसद बनेगा। उन्होंने मुसलमानों से अपने वोट का सही इस्तेमाल करने की अपील की थी। एमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता बनेगा, विधायक और सांसद बनेगा। उन्होंने मुसलमानों से अपने वोट का सही इस्तेमाल करने और सियासी ताकत बढ़ाने के लिए एकजुट होने की अपील की। रामपुर में रात सात बजे नगर पालिका के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनसभा में ओवैसी ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि मुसलमानों को अपना नेता खुद चुनना होगा। विरोधी चाहते हैं कि अब्दुल नेता न बने और दरी बिछाने तक सीमित रहे।ओवैसी ने कहा कि समाज की सियासी मजबूती के लिए लोगों को आगे आना होगा। सिर्फ नारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि हर बूथ पर जाकर अपने वोट का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कि वह खुद नेता बनने नहीं, बल्कि लोगों को नेता बनाने आए हैं। इत्तेहाद मजबूत होगा तो कामयाबी मिलेगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या आने वाली नस्लें भी गरीबी में रहेंगी और बीड़ी बनाती रहेंगी या तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगी। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार और तनख्वाह नहीं मिल रही है। उनकी पार्टी चाहती है कि हर हकदार को उसका हक मिले।
ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसका मकसद भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा और आरएसएस के खिलाफ हैं। कांग्रेस पर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में दलित और आदिवासी भी कमजोर वर्गों में शामिल हैं। कमजोरों को इंसाफ मिलेगा, तभी भारत मजबूत बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर तबकों को और कमजोर किया जा रहा है तथा उनकी इबादतगाहों को नुकसान पहुंचाया गया है। जनसभा में ओवैसी ने लोगों से अपने माता-पिता का ख्याल रखने और नेक इंसान बनने की अपील भी की। उन्होंने लोगों से सियासी एकता मजबूत करने और अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। इस प्रकार ओवैसी ने अब चंद्रशेखर आजाद से मिलकर मुस्लिम-दलित मोर्चा तैयार किया है। (अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button