
हमारे जीवन में कई अवसर ऐसे आते हैं जब हम डर के कारण झूठ बोलते हैं, सत्य को छिपाते हैं। इसके चलते बड़ी कठिनाई झेलनी पड़ती है। फिल्मों में ही नहीं असल जीवन में ऐसे कई प्रसंग देखने को मिलते हैं जब लड़कियां या महिलाएं भय के कारण या लोकलाज के कारण अपने परिवार और पति से भी सत्य को छिपा लेती हैं और ब्लैकमेलिंग का शिकार होती हैं। गोस्वामी तुलसीदास ने सती के इस प्रसंग में यही दिखाया है कि राम की महिमा जानकर भी वे डर के कारण अपने पति से झूठ बोलीं। इस प्रसंग में गोस्वामी तुलसीदास ने बताया कि सती ने राम-लक्ष्मण को धोखा देने के लिए सीता का रूप धारण किया लेकिन राम की बात को दूर लक्ष्मण ने भी उनको पहचान लिया लेकिन कुछ बोले नहीं जबकि प्रभु श्री राम ने सती के कपट को पहचान कर उन्हें अपना अद्भुत रूप दिखाया।
जोरि पानि प्रभु कीन्ह प्रनामू, पिता समेत लीन्ह निज नामू।
कहेउ बहोरि कहां वृषकेतू, विपिन अकेलि फिरहु केहिहेतू।
पहले प्रभु ने हाथ जोड़कर सती को प्रणाम किया और पिता समेत अपना नाम बताया, फिर कहा वृषकेतु शिवजी कहां हैं? आप यहां अकेली वन में किस लिए फिर रही हैं? यहां पर गोस्वामी तुलसीदास ने प्रभु श्री राम की गूढ़ कथा का भी संकेत दिया है। एक तरफ श्री राम अपने पिता महाराज दशरथ का नाम बताकर कहते हैं कि उनका पुत्र हूं। सती भी यही जानकर परीक्षा लेने गयी थीं। दूसरी तरफ सीता के रूप में होते हुए भी सती को पहचान लेते हैं और कहते हैं आप वन में अकेली क्यों घूम रही हैं, भगवान शिव कहां हैं? जबकि श्री राम यह जानते थे कि भगवान शिव वट वृक्ष की छाया में बैठे हुए हैं। यही प्रभु की माया है जो सभी को नाच नचाती रहती है।
राम बचन मृदु गूढ़ सुनि उपजा अति संकोचु।
सती सभीत महेस पहिं चलीं हृदय बड़ सोचु।
श्री रामचन्द्र जी के कोमल रहस्य से भरे बचन सुनकर सती जी को बड़ा संकोच हुआ। वे डरती हुई चुपचाप शिव जी के पास चल पड़ीं। सती के मन में बड़ी चिंता हो गयी थी। यह चिंता क्या थी-
मैं संकर कर कहा न माना, निज अग्यानु राम पर आना।
जाइ उतरु अब देहउँ काहा, उर उपजा अति दारुन दाहा।
सती सोच रही थीं कि मैंने शंकर जी का कहना नहीं माना और अपने अज्ञान का श्री रामचन्द्र जी पर आरोप किया। अब जाकर मैं शिव जी को क्या उत्तर दूंगी। यह सोच-सोच कर सती के हृदय में अत्यंत ही प्रायश्चित की आग जलने लगीं।
जाना राम सतीं दुखु पावा, निज प्रभाउ कछु प्रगटि जनावा।
सती दीख कौतुकु मग जाता, आगें रामु सहित श्री भ्राता।
फिरि चितवा पाछें प्रभु देखा, सहित बंधु सिय सुन्दर बेषा।
जहं चितवहिं तहं प्रभु आसीना, सेवहिं सिद्ध मुनीस प्रबीना।
श्री रामचन्द्र जी ने जान लिया कि सती दुखी हैं तब उन्होंने अपना कुछ प्रभाव प्रकट करके उन्हें दिखाया। सती जी राम-लक्ष्मण को पीछे छोड़कर शिव जी के पास जा रही थीं लेकिन अचानक क्या देखती हैं कि श्री राम, लक्ष्मण और सीता उनके आगे-आगे चल रहे हैं। सती ने तब पीछे मुड़कर देखा तो वहां भी श्री राम, लक्ष्मण और सीता पीछे-पीछे आ रहे हैं। इसके बाद तो सती जिधर भी देखतीं, उधर ही श्री राम दिखाई पड़ते जिनकी सेवा चतुर, मुनीश्वर और सिद्धजन कर रहे थे।
सती, विधात्री इन्दिरा, देखीं अमित अनूप।
जेहिं जेहिं वेष अजादि सुर तेहि तेहि तन अनुरूप।
सती ने अनगिनत अनुपम सती, ब्रह्मणी और लक्ष्मी देखीं, जिस जिस रूप में ब्रह्मा आदि देवता थे, उसी के अनुकूल रूप में वे सब शक्तियां भी थीं।
देखे जहं तहं रघुपति जेते, सक्तिन्ह सहित सकल सुर तेते।
जीव चराचर जो संसारा, देखें सकल अनेक प्रकारा।
पूजहिं प्रभुहिं देव बहु वेषा, राम रूप दूसर नहिं देखा।
अवलोके रघुपति बहुतेरे, सीता सहित न वेष घनेरे।
सती ने जहां-तहां जितने रघुनाथ जी देखे, शक्तियों समेत वहां उतने ही देवताओं को भी देखा। संसार में जो चराचर जीव हैं, वे भी अनेक प्रकार से सब देखे। सती ने देखा कि अनेक प्रकार के वेष धारण करने वाले देवता प्रभु श्री रामचन्द्र जी की पूजा कर रहे हैं परन्तु श्री रामचन्द्र जी का दूसरा स्वरूप नहीं देखा। सीता सहित श्री रघुनाथ जी बहुत देखे लेकिन उनके वेश अनेक नहीं थे अर्थात् एक ही रूप के थे।
सोइ रधुवर सोइ लछिमनु सीता, देखि सतीं अति भईं सभीता।
हृदय कंप तन सुधि कछु नाहीं, नयन मूंदि बैठीं मग माहीं।
सब जगह वही लक्ष्मण, वही सीता और वही श्री राम देखकर सती बहुत
ही डर गयीं। उनका हृदय कांपने
लगा और देह की सारी सुध-बुध जाती रही। वे आंखें बंद कर रास्ते में ही बैठ गयीं।
बहुरि बिलोकेउ नयन उघारी, कछु न दीख तहं दच्छ कुमारी।
पुनि पुनि नाइ राम पद सीसा, चलीं तहां जहं रहे गिरीसा।
फिर सती ने आंख खोलकर देखा तो वहां कोई नहीं था, दोनों राजकुमार भी नहीं थे। इस प्रकार सती ने बार-बार श्री रामचन्द्र के चरणों में सिर नवाया और वहां गयीं जहां शिवजी बैठे थे।
गईं समीप महेस तब हंसि पूछी कुसलात।
लीन्हिं परीछा कवनविधि कहहु सत्य सब बात।
सती जब शिवजी के पास पहुंचीं तब शिवजी ने हंस कर उनकी कुशलता ही पूछी। इसका कारण कि जब सती शिवजी का कहना नहीं मान रही थीं तब शंकर जी को यही चिंता थी कि ‘विधि विपरीत भलाई नाहीं। बहरहाल, शंकर जी ने कहा कि आपने परीक्षा किस तरह से ली वह सब सच-सच बताओ।
सतीं समुझि रधुवीर प्रभाऊ, भयवस सिवसन कीन्ह दुराऊ।
कछु न परीछा लीन्हि गोसाईं, कीन्ह प्रनामु तुम्हारिहि नाईं।
सती ने श्री रघुनाथ जी के प्रभाव को समझ कर डर के मारे शिव जी,
जो उनके पति हैं, उनसे भी छिपाव किया अर्थात् झूठ बोला और कहने
लगीं कि स्वामी। मैंने कोई परीक्षा
नहीं ली, वहां जाकर आपकी तरह ही प्रणाम किया। अपनी गलत बात को पुख्ता करने के लिए सती ने यह भी कहा-
जो तुम्ह कहा सो मृषा न होई, मोरे मन प्रतीति अति सोई।
तब संकर देखेउ धरि ध्याना, सतीं तो कीन्ह चरित सबु जाना।
हे प्रभु शंकर आपने जो कहा, वह झूठ नहीं हो सकता, मेरे मन में यह बड़ा-पूरा विश्वास है। याद करें इससे पूर्व सती को भगवान शंकर ने श्रीराम की महिमा के बारे में बार-बार समझाया लेकिन सती ने तब उस पर विश्वास नहीं किया था। इसलिए सती
को इस बदले हुए रूप को देखकर भगवान शंकर ने ध्यान लगाया तो उन्हें सब कुछ पता चल गया जो सती ने चरित्र किया था अर्थात् उन्होंने सीता का रूप धारण कर राम की परीक्षा ली थी। अब कह रही है कि मैंने कोई परीक्षा ही नहंी ली। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



