
संसार में हमारा व्यवहार ही एक-दूसरे से जोड़ता है। प्रीति और प्यार एक प्राण दो शरीर बन जाते हैं लेकिन कपट करने से वे अलग भी हो जाते हैं। भगवान शिव और माता सती में अटूट प्रेम है लेकिन जब सती ने कपट किया और शिव से झूठ बोला तब दोनों किस प्रकार बिलग हो गये, यही इस प्रसंग में बताया गया है। सती ने सीता का वेश धारण कर राम की परीक्षा ली और शिवजी से झूठ बोला कि मैंने तो किसी प्रकार की परीक्षा ही नहीं ली। शंकर जी ने ध्यान लगाया और सब कुछ जान गये जो सती ने परीक्षा लेते किया।
बहुरि राम मायहि सिरु नावा, प्रेरि सतिहि जेहिं झूंठ कहावा
हरि इच्छा भावी बलवाना, हृदय विचारत संभु सुजाना
भगवान शंकर ने श्री रामचन्द्र जी की माया को सिर नवाया जिसने प्रेरित करके सती के मुंह से झूठ कहला दिया। सभी प्रकार के ज्ञान से भरे हुए सुजान शंकर ने मन में विचार किया कि हरि की इच्छा रूपी भावी अर्थात भविष्य प्रबल है।
सती कीन्ह सीता का वेषा, सिव उर भयउ विषाद विशेषा जौं। अब करउं सती सन प्रीती, मिटइ भगति पथु होई अनीती।
परम पुनीत न जाइ तजि किए प्रेम बड़ पापु।
प्रगटि न कहत महेसु कछु हृदय अधिक संतापु।
भगवान शंकर विचार करने लगे कि सती ने सीता का भेष धारण किया। यह जानकर शिवजी के मन में बड़ा विषाद हुआ। उन्होंने सोचा कि यदि मैं अब सती से प्रीति करता हूं तो भक्ति मार्ग लुप्त हो जाता है और बड़ा अन्याय होता है क्योंकि सीता तो हमारे
आराध्यदेव श्रीराम की पत्नी हैं। शंकर जी यह भी सोचने लगे कि सती परम पवित्र हैं इसलिए उन्हें छोड़ते भी नहीं बनता है और प्रेम करने में भी बड़ा पाप है। प्रकट रूप में शिवजी ने कुछ भी नहीं कहा लेकिन उनके हृदय में बहुत अधिक संताप पैदा हुआ।
तब संकर प्रभु पद सिरु नावा, सुमिरत रामु हृदय अस आवा।
एहिं तन सतिहि भेंट मोहि नाहीं, सिव संकल्पु कीन्ह मन माहीं।
अस विचारि संकरु मति
धीरा, चले भवन सुमिरत रघुवीरा।
चलत गगन भै गिरा सुहाई, जय महेस भलि भगति दृढ़ाई।
शंकर जी का मन जब संताप से भरा हुआ था, तब उन्होंने प्रभु श्रीराम को मन ही मन प्रणाम किया तब श्रीराम का स्मरण करने से उनके मन में यह विचार आया कि सती के इस शरीर से मेरी पति-पत्नी के रूप में भेंट नहीं हो सकती क्योंकि सती ने सीता का शरीर धारण किया है।
यह संकल्प शिव जी ने मन ही मन कर लिया। शिवजी ने मन में ही संकल्प किया था लेकिन भगवान ने इसे जान लिया और आकाशवाणी
हुई कि हे महेश आपकी जय हो,
अपने भक्ति की अच्छी दृढ़ता
दिखाई है।
अस पन तुम्ह बिनु करइ को आना, रामभगत समरथ भगवाना।
सुनि नभ गिरा सती उर सोचा, पूछा सिवहि समेत सकोचा।
कीन्ह कवन पन कहहु कृपाला, सत्य धाम प्रभु दीन दयाला।
जदपिं सती पूछा बहु भांती, तदपि न कहेउ त्रिपुर आराती।
सती हृदय अनुमन किय सबु जानेउ सर्वग्य।
कीन्ह कपटु मैं संभुसन नारि सहज जड़ अग्य।
आकाशवाणी में यह भी कहा गया कि हे शिवजी। इस प्रकार का प्रण आपके अतिरिक्त और कोई कर भी नहीं सकता। आप ही श्री रामचन्द्र जी के भक्त हैं, समर्थ हैं और भगवान हैं। इस आकाशवाणी को सुनकर सती जी के मन में बड़ी चिंता हुई और उन्होंने सकुचाते हुए शिव जी से पूछा। हे कृपालु! कहिए आपने कौन सी प्रतिज्ञा की है। हे प्रभो। आप सत्य के धाम हैं, दीनदयालु हैं। यद्यपि सती ने बहुत प्रकार से पूछा लेकिन त्रिपुरा सुर का वध करने वाले त्रिपुरारि शिवजी ने कुछ नहीं कहा। यहां पर कुछ लोग कह सकते हैं कि जिस प्रकार सती ने शंकर जी से झूठ बोला था। उसी प्रकार शिव जी ने भी बात छिपा ली। ध्यान रहे कि शंकर जी ने झूठ नहीं बोला सिर्फ सती की बात का उत्तर नहीं दिया। जबकि सती ने साफ-साफ झूठ बोला था।
बहरहाल सती ने अपने हृदय में अनुमान कर लिया कि सर्वज्ञ शिवजी सब कुछ जान गये हैं। मैंने शिवजी से कपट किया है। वे कहने लगीं स्त्री स्वभाव से ही मूर्ख और वेसमझ होती है।
जलु पय सरिस बिकाइ, देखहु प्रीति की रीति भलि।
बिलग होइ रसु जाइ, कपट खटाई परत पुनि।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि प्रीति और कपट साथ-साथ नहीं रह सकते। पानी और दूध में इतनी प्रीति है कि पानी भी दूध के साथ मिलाकर दूध के भाव बिक जाता है लेकिन कपट रूपी खटाई पड़ते ही दूध फट जाता है उसका पानी अलग हो जाता है।
हृदय सोचु समुझत निज करनी, चिंता अमित जाइ नहिं बरनी।
कृपा सिंधु सिव परम
अगाधा, प्रगट न कहेउ मोर
अपराधा।
संकर रुख अवलोकि भवानी, प्रभु मोहि तजेउ हृदय अकुलानी।
निज अध समुझि न कछु कहि जाई, तपइ अवाँ इव उर
अधिकाई।
सतिहि ससोच जानि वृष केतू, कहीं कथा सुंदर सुख हेतू।
बरनत पंथ विविध इतिहासा, विस्वनाथ पहुंचे कैलासा।
सती के मन में अब अपनी की हुई गलती के लिए बहुत पछतावा हो रहा था। इतनी चिंता कि उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। वे (सती) सोच रही थी कि कृपा के परम धाम शिवजी अगाह सागर हैं, इसलिए उन्होंने प्रकट रूप से मेरा अपराध नहीं बताया है। शिवजी जिस तरह का वर्ताव करने लगे थे अर्थात पति-पत्नी का प्रेम, जिसे प्रणय कहा जाता है नहीं करते थे उससे सती ने समझ लिया कि भगवान शंकर ने मेरा त्याग कर दिया है। उधर सती क मन की दशा को देखकर शंकर भगवान ने उन्हें सुख देने के लिए कई सुंदर कथाएं कहीं। इस प्रकार मार्ग (रास्ते) में अनेक प्रकार का इतिहास सुनाते हुए भगवान शिव कैलाश पर्वत पर पहुंच गये, जहां उनका धाम है।
तहँ पुनि संभु समुझि पन आपन, बैठे बटतर करि कमला सन।
संकर सहज सरूप सम्हारा, लागि समाधि अखण्ड अपारा।
कैलाश पर्वत पर अपने धाम में पहुंचकर शिव जी बट वृक्ष की शीतल छाया में पदमासन लगाकर बैठ गये। शिवजी ने अपना स्वाभाविक रूप संभाला और उनकी अखण्ड-अपार समाधि लग गयी। इस प्रकार शिव जी से अनन्य प्रीति करने वाली सती कपट के चलते पति त्याग का दुख भोगने लगीं।-क्रमशः (अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



