अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 23

मनचाहा वर देता है राम का नाम

इस लौकिक संसार में स्वामी और सेवक के संबंध विशेष महत्व रखते हैं। हम सरकारी या गैर सरकारी कर्मचारी हैं तो कोई बाॅस अर्थात्
अधिकारी होगा और उस अधिकारी के ऊपर भी कोई अफसर हो सकता है। संस्थान का मालिक सर्वोच्च है लेकिन इस सृष्टि में वह भी किसी न किसी के अधीन होता ही है। सृष्टि का नियंता भगवान, गाॅड या अल्लाह कुछ भी कहें, वह ही सबसे बड़ा स्वामी है। स्वामी का गुण कैसा होता है, यह गोस्वामी तुलसीदास ने इस प्रसंग में बताया है। राम के नाम को कल्पवृक्ष की भांति बताने के बाद गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि-
भायं कुभायं अनख आलसहूं, नाम जपत मंगल दिसि दसहूं।
सुमिरि सो नाम राम गुन गाथा, करउं नाइ रघुनाथहिं माथा।
मोरि सुधारिहिं सो सब भांती, जासु कृपा नहिं कृपां अघातीं।
राम सुस्वामि कुसेवकु मोसो, निज दिसि देखि दयानिधि पोसों।
राम का नाम अच्छे भाव (प्रेम से), बुरे भाव (बैर से), क्रोध से या आलस्य से किसी तरह से भी नाम जपने से दशों दिशाओं में कल्याण होता है। आमतौर पर चार दिशाएं ही मानी जाती हैं लेकिन इन चार दिशाओं- उत्तर, पूर्व, दक्षिण और पश्चिम लेकिन इन चारों दिशाओं के कोण और ऊपर, नीचे को मिलाकर दस दिशाएं हो जाती हैं। उन्हीं श्री राम के नाम का गुणगान करके, श्री रघुनाथ जी को मस्तक नवाकर मैं रामजी के गुणों का वर्णन करता हूं। वे श्रीराम मेरी बिगड़ी सभी भांति से सुधार लेंगे। अर्थात् मैं कोई गलती भी करूंगा तो उसे ठीक कर देंगे। इसका कारण यह है कि राम जैसे अच्छे स्वामी के साथ मेरे जैसा कुसेवक अर्थात् बुरा सेवक होने पर भी राम ने मेरा पालन किया। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि-
चहुंजुग तिनि काल तिहुं लोका, भए नाम जपि जीव बिसोका।
बेद पुरान संत मत एहूं, सकल सुकृत फल राम सनेहू।
केवल कलियुग की ही बात नहीं है, चारों युगों- सतयुग, त्रेता, द्वापर और कलियुग- में और तीनों लोकों- पृथ्वी, आकाश और पाताल- में नाम को जपकर जीव शोक रहित हुए हैं। वेद-पुरान और संतों का मत यही है कि समस्त पुण्यों का फल श्री राम जी में या राम नाम में प्रेम होना है। तीन लोकों की बात पर लोग विश्वास नहीं करते लेकिन अब ग्रहों की खोज हो रही है। अभी कितने ही ग्रहों के बारे में वैज्ञानिक सटीक जानकारी नहीं जुटा सके हैं। इसी प्रकार पाताल लोक के बारे में गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है कि वहां रावण का एक परम मित्र अहिरावण राज करता था। अहिरावण ने राम और लक्ष्मण का अपहरण कर लिया, तब पवनपुत्र हनुमान ने अहिरावण को सेना सहित परास्त कर वहां पर वानरों का राजस्थापित किया। पिछले दिनों ही (मार्च 2016) एक भू वैज्ञानिक ने यह रहस्योद्घाटन किया था कि अहिरावण का पाताल लोक अमेरिका का होंडुरास है जहां के जमीन के नीचे शक्तिशाली कैमरों ने तस्वीर निकाली और कई मूर्तियां मिलीं जो हाथ में गदा लिए वानर जैसी आकृति की हैं। इसलिए रामायण काल में वर्णित पाताल लोक से भी इनकार नहीं किया जा सकता। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि राम नाम का ध्यान कई प्रकार से किया जा सकता है।
ध्यानु प्रथम जुग मख बिधि दूजे, द्वापर परितोषत प्रभु पूजें।
कलि केवल मल मूल मलीना, पाप पयोनिधि जन मन मीना।
अर्थात् पहले सत्य युग में ध्यान से, दूसरे त्रेता युग में यज्ञ से और द्वापर में पूजन से भगवान प्रसन्न होते हैं लेकिन कलियुग में केवल पाप की जड़ और मलिन (मैल-गंदगी) है। इस युग में मनुष्यों का मन पाप रूपी समुद्र में मछली बना हुआ है। जिस तरह मछली पानी से कभी अलग नहीं होना चाहती, उसी तरह पाप रूपी समुद्र में मछली फंसी हुई है। उससे ध्यान, यज्ञ और पूजन नहीं हो सकते। ऐसे कराल कलियुग में राम का नाम ही कल्पवृक्ष हैै-
नाम काम तरु काल कराला, सुमिरत समन सकल जग जाला।
राम नाम कलि अभिमत दाता, हित परलोक लोक पितु माता।
इस कल्पवृक्ष का स्मरण करते ही संसार के सभी जंजालों का नाश हो जाता है। कलियुग में यह राम नाम मनोवांछित (मनचाहा) वर देने वाला है। राम का नाम परलोक (स्वग) का परम हितैषी और इस लोक का माता-पिता है। परलोक में जैसे भगवान का परम धाम सबसे अच्छा माना जाता है और इस पृथ्वी पर माता-पिता से बढ़कर कोई सुख देने वाला नहीं होता है।
नहिं कलि करम न भगति विवेकू, राम नाम अवलंबन एकू।
कालनेमि कलि कपट विधानू, नाम सुमति समरथ हनुमानू।
अर्थात् कलियुग में न कर्म है, न भक्ति है और न ज्ञान ही है। इसलिए राम नाम का ही एक आधार है। कपट की खान कलियुग रूपी कालनेमि के मारने के लिए राम नाम ही बुद्धिमान और समर्थ श्री हनुमानजी हैं रामचरित मानस में एक प्रसंग आता है कि रावण के पुत्र मेघनाद से युद्ध करते समय मेघनाद ने वीरघातिनी नामक दैवी शक्ति का प्रयोग किया जिससे लक्ष्मण बेहोश हो गये। उनकी बेहोशी मृत्यु का कारण भी बन सकती थी, इसलिए लंका के वैद्य सुषेण ने संजीवनी बूटी लाने को कहा। इसके लिए हनुमान हिमालय पर्वत की तरफ जा रहे थे। रावण को यह खबर लग गयी तो उसने कालनेमि नामक रक्षस को हनुमानजी का मार्ग रोकने का निर्देश दिया। कालनेमि एक महात्मा के रूप में हनुमान के रास्ते में आया और रोकने का प्रयास किया लेकिन सरोवर में एक मगरी ने हनुमान को उस राक्षस के बारे में बता दिया। हनुमान जी ने उस राक्षस का वध किया। तुलसीदास जी कहते हैं कि कलियुग के कालनेमि इसी तरह जब तब मिल जाते हें तो राम का नाम हनुमान बनकर उनका संहार करता है।
राम नाम नर केसरी, कनक कसिपु कलिकाल।
जापक जन प्रह्लाद जिमि पालिहि दलि सुरसाल।
अर्थात् राम का नाम नृसिंह भगवान है और कलियुग हिरण्यकश्यप है। राम नाम का जप करने वाले जन प्रह्लाद के समान है। यह राम नाम देवताओं के शत्रु (कलियुग रूपी दैत्य) को मारकर जप करने वालों की रक्षा करता है। इसलिए अच्छे भाव से या बेमन, बुरेभाव और क्रोध किसी भी रूप में राम का नाम यदि मुंह से निकल जाए तो कल्याण होगा। इसका मतलब यह समझना चाहिए कि यदि बुरे विचार से राम का नाम लेंगे तो बुरे विचारों से मुक्ति मिलेगी। राम का नाम लीजिए तो आलस अपने आप दूर हो जाएगा। राम का नाम लेने से क्रोध नष्ट होगा।
भायं, कुभायं अनख आलसहंू, नाम जपत मंगल दिसि दसहू।
सुमिरि सो नाम राम गुनगाथा, करऊं नाइ रधुनाथहिं माथा।
मोरि सुधरिहि सो सब भांती, जासु कृपा नहिं कृपा अघातीं।
राम सुस्वामि कुसेवकु मोसो, निज दिसि देखि दयानिधि पोसों। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button