फिल्मी

समीरा रेड्डी का बचपन में उड़ाया जाता था मजाक

हम जिस हीरोइन की बात कर रहे हैं। उनका बचपन में वजन और रूप-रंग के कारण मजाक उड़ाया जाता था। ये हसीना कोई और नहीं, बल्कि समीरा रेड्डी हैं। समीरा बॉडी पॉजिटीविटी को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती है, जो कई साउथ और बॉलीवुड की फिल्मों में काम कर चुकी हैं। हालांकि, समीरा रेड्डी ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया है और अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया के जरिए जुड़ी हुई हैं। एक्ट्रेस अक्सर अपने फैंस को अपनी लाइफ से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट देती रहती हैं। अब उन्होंने अपने बचपन का एक दर्द भरा किस्सा शेयर किया है, जिसे याद कर आज भी उनका मन दुखी हो जाता है। उन्होंने अपनी बचपन की अनसीन तस्वीरों को पोस्ट किया और बताया कि कैसे उनमें कॉन्फिडेंस की कमी थी, लेकिन उन्हें जल्द ही समझ आ गया था कि दिल अच्छा होना चाहिए।समीरा रेड्डी ने अपने बचपन की तस्वीरें शेयर की और कैप्शन में लिखा, बचपन में मुझमें जरा भी आत्मविश्वास नहीं था। कसम से अगर मैं उस सांवली, थोड़ी मोटी और खुद पर शक करने वाली लड़की को झकझोरकर यह बता पाती कि वह आगे चलकर कितनी कमाल की बनने वाली है तो मैं जरूर बताती। जब मेरे बच्चे हुए, तो मैं जानती थी कि मुझे उन्हें सबसे पहले दया और करुणा सिखानी है, लेकिन साथ ही उन्हें अपनी सीमाओं और खुद पर विश्वास रखने का मतलब भी समझाना है। बदकिस्मती से इस दुनिया में इन दोनों के बीच संतुलन बनाए रखना बहुत मुश्किल काम है और बड़े होते समय मैंने इस दर्द को खुद महसूस किया था। एक्ट्रेस ने इसी पोस्ट में आगे लिखा, उन लोगों के आस-पास खड़े रहें, जिनसे आप प्यार करते हैं। उनका साथ दें। उनकी बात सुनें। चाहे वह कोई बच्चा हो या कोई बड़ा इंसान हो। मैं अब भी खुद के बारे में अपनी पुरानी सोच को बदलने की कोशिश कर रही हूं। मुझे यकीन है कि हम सभी अपने बचपन में मन में बैठ चुकी बातों से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
समीरा ने 2002 की रोमांटिक एक्शन फिल्म मैंने दिल तुझको दिया से बॉलीवुड में कदम रखा था। लंबे ब्रेक पर जाने से पहले समीरा रेड्डी की आखिरी फिल्म कन्नड़ एक्शन मूवी वरदानयका थी, जो 2013 में रिलीज हुई थी। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button