सिंगर बादशाह ने ईशा रिखी से रचाई शादी

मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह ने शादी कर ली है। बादशाह की जो दुल्हनिया बनी हैं, उनका नाम ईशा रिखी है। दोनों ने बेहद करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी रचाई है। बादशाह की ये दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने साल 2012 में जैसमीन मसीह से शादी रचाई थी। हालांकि, कपल ने 2020 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। अब तलाक के 6 साल बाद बादशाह ने दूसरी बार अपना घर बसा लिया है। हालांकि, बादशाह ने अपनी शादी की खबरों पर मुहर नहीं लगाई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी कोई तस्वीर या वीडियो शेयर नहीं किया है। बादशाह ने पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी को अपना हमसफर चुना है। कपल ने बेहद सादगी से शादी रचाई। इस दौरान उनका परिवार और खास दोस्त मौजूद रहे। ईशा रिखी एक पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने सिप्पी गिल के साथ पंजाबी फिल्म ‘जट्ट बॉयज पुट जट्टान डे’ से अपनी शुरुआत की। वो पंजाबी एक्टर अमरिंदर गिल की फिल्म ‘हैप्पी गो लकी’ में भी काम कर चुकी हैं। इसके बाद ईशा 2014 और 2015 में ‘मेरे यार कमीने’ और ‘व्हाट द जाट’ में दिखाई दीं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बादशाह और ईशा रिखी सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। साल 2022 से ही दोनों की डेटिंग की खबरें भी सामने आई थीं। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात एक पार्टी के दौरान हुई थी। (हिफी)



