स्मृति मंधाना व पलाश मुच्छल की शादी टली

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान और स्टार क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर और फिल्ममेकर पलाश मुच्छल 23 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले थे। दोनों की प्री-वेडिंग सेरेमनी जोरों पर थी, तभी संगीत नाइट के दौरान स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को हार्ट अटैक की शिकायत हुई और दोनों की शादी स्थगित कर दी गई। हाल ही में पलाश की बहन और सिंगर पलक मुच्छल ने भी एक पोस्ट शेयर करते हुए शादी टलने की वजह बताते हुए कहा कि स्मृति के पिता की तबीयत खराब होने के चलते पलाश और स्मृति की शादी पोस्टपोन हुई है। लेकिन, अब स्मृति मंधाना ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसके चलते इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि शादी टलने के पीछे कुछ और भी वजह हो सकती है। स्मृति ने इंस्टाग्राम से अपने और पलाश की सगाई और प्रपोजल की तस्वीरें-वीडियो हटाकर सबको हैरान कर दिया है।पलाश मुच्छल ने फिल्मी अंदाज में स्मृति को क्रिकेट के ग्राउंड पर ले जाकर प्रपोज किया था। इसका वीडियो भी दोनों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वहीं एक अन्य तस्वीर जो स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी, उसमें वह अपनी इंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट करती नजर आई थीं लेकिन, अब स्मृति मंधाना के अकाउंट से ये सभी पोस्ट नदारद हैं। उनकी और पलाश की कुछ तस्वीरें अभी भी उनके इंस्टाग्राम पर हैं, लेकिन सगाई वाले पोस्ट गायब हैं। स्मृति के इस कदम ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है और सब यही पूछ रहे हैं कि दोनों के बीच सब ठीक है या नहीं। हालांकि, इस मामले पर अभी दोनों की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है।
दोनों की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और हल्दी, मेहंदी और संगीत सेरेमनी भी हो चुकी थी। दोनों की प्री-वेडिंग सेरेमनी की तस्वीरें-वीडियो भी खूब वायरल हुए, जिसमें महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को भी धूम मचाते देखा गया लेकिन, शादी समारोह से पहले ही स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच, पलाश मुच्छल की भी तबीयत खराब होने की खबर आई, हालांकि रेगुलर चेकअप के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। (हिफी)



