सनी देओल की बाॅर्डर-2 वसंत पंचमी पर होगी रिलीज

सनी देओल की बहुप्रतीक्षित देशभक्ति ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ अब रिलीज से बस एक कदम दूर है और बॉक्स ऑफिस पर इसके असर के संकेत पहले ही मिलने लगे हैं। शुक्रवार 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही ऐसी हलचल मचा दी है कि ट्रेड एनालिस्ट्स से लेकर दर्शकों तक, हर कोई इसकी ओपनिंग पर नजरें टिकाए बैठा है। खास बात यह है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग ने महज 48 घंटों में ऐसे आंकड़े छू लिए हैं, जो इसे इस साल की सबसे बड़ी ओपनर्स में शामिल कर सकते हैं। ये अब तय हो चुका है कि फिल्म की शुरुआत दमदार होने वाली है। पहले दिन की कमाई से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बड़ा फायदा मिलेगा। भारत में ‘बॉर्डर 2’ की एडवांस बुकिंग 19 जनवरी से शुरू हुई थी और तभी से टिकट खिड़कियों पर फिल्म का दबदबा देखने को मिल रहा है। देशभक्ति, बड़े स्टार्स और आइकॉनिक फिल्म ‘बॉर्डर’ की विरासत, इन तीनों का असर साफ नजर आ रहा है। पहले दिन फिल्म देखने की चाहत इतनी तेज है कि कई शहरों में शुरुआती शोज तेजी से हाउसफुल की ओर बढ़ रहे हैं।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने हिंदी 2डी फॉर्मेट में अब तक 1,02,750 से ज्यादा टिकट बेच डाले हैं। बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म की प्री-सेल कमाई 3.34 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। वहीं अगर ब्लॉक सीटों को भी शामिल किया जाए तो यह आंकड़ा बढ़कर 6.58 करोड़ रुपये हो जाता है। ये आंकड़े 21 जनवरी सुबह 9 बजे तक के हैं और ट्रेड जानकारों का मानना है कि अगले 48 घंटों में इसमें जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा। एडवांस बुकिंग का कुल आंकड़ा आसानी से 10 करोड़ रुपये के पार निकल सकता है। यह संकेत देता है कि फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत कर सकती है।बॉर्डर 2’ जेपी दत्ता की 1997 की ऐतिहासिक हिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसने भारतीय सिनेमा में देशभक्ति फिल्मों को नई पहचान दी थी। इस बार निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर किया है। हालांकि सनी देओल की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर ‘गदर 2’ ने एडवांस बुकिंग में 17.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी, और फिलहाल ‘बॉर्डर 2’ उस आंकड़े से नीचे है। (हिफी)



