फिल्मी

पंजाबी गायक ग्रेवाल को जान से मारने की धमकी

सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया है कि मशहूर पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी और सीधे-सीधे पंजाब के सीएम भगवंत मान पर निशाना साधा। वो कहते हैं कि अगर गिप्पी ग्रेवाल को कुछ भी होता है तो उसके जिम्मेदार सिर्फ भगवंत मान होंगे।
गिप्पी ग्रेवाल की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘अकाल: द अनकॉनक्वर्ड’ विवादों में घिर गई है। बाबा बख्शिश सिंह ने फिल्म पर सिखों का अपमान करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। ‘अकाल: द अनकॉनक्वर्ड’, जो 10 अप्रैल 2025 को रिलीज हुई थी, 1840 के दशक के
पंजाब पर आधारित है। यह फिल्म सम्मान और साहस की कहानी है, जिसमें सरदार अकाल सिंह और उनके गांव की कहानी दिखाई गई है, जो महाराजा रणजीत सिंह की मौत के बाद जंगी जहान और उसकी सेना के बदले की
कार्रवाई का सामना करते हैं। फिल्म में गुरप्रीत घुग्गी और निमरत खैरा भी नजर आए हैं।
सुखबीर सिंह बादल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मामले को सार्वजनिक करते हुए बताया कि यह धमकी ऐसे समय पर आई है, जब हाल ही में पंजाब सरकार द्वारा गिप्पी ग्रेवाल की सुरक्षा वापस ले ली गई थी। उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। अपने पोस्ट में सुखबीर ने एक ऑडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें एक व्यक्ति खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए गिप्पी ग्रेवाल को धमकाता सुनाई दे रहा है। इस कथित ऑडियो में वह गिप्पी को मैसेज का जवाब देने के लिए कहता है और चेतावनी देता है कि अगर बात को नजरअंदाज किया गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button