पंजाब में सत्कार सखियों को राखी का उपहार

रक्षाबंधन पर देश भर में महिलाओं को सरकार की तरफ से तरह-तरह के उपहार दिये जा रहे हैं। राज्य सरकारों की यह चुनावी रणनीति भी है क्योंकि महिला वोटर्स अब चुनाव के समीकरण बदल देती हैं। हालांकि अब नया लक्ष्य जेन-जी हैं। फिर भी चुनाव की दृष्टि से महिलाओं का महत्व कम नहीं हुआ है। पंजाब मंे भी अगले साल 2027 मंे विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्कार सखियों को भाई का फर्ज निभाते हुए नकद धनराशि उनके बैंक खाते में भेज दी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपए की सम्मान राशि ट्रांसफर कर भाई का फर्ज निभाया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे पंजाब की महिलाओं तक मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना पहुंचाने में सत्कार सखियों के अथक योगदान की भरपूर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों के प्रयासों की बदौलत ही इस योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है और योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुँचना सुनिश्चित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपए पहले ही ट्रांसफर किए जा चुके हैं। उनकी सरकार ने इस योजना से एक करोड़ महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जबकि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे, जिससे वे इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दृढ़ रहेगी और जब तक पंजाब में आप सरकार है, मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना बंद नहीं होगी। इस दौरान आप पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अमनदीप कौर, विधायक डॉ. जीवनजोत कौर, विधायक इंद्रजीत कौर तथा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ईटीओ भी मौजूद थे। एक्स पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा राखी के पवित्र त्यौहार पर हमारी सरकार बहनों से किए वादे को पूरा कर रही है। आज मैंने गोइंदवाल साहिब में सत्कार सखी सम्मान समारोह में वर्चुअल रूप से शिरकत की। ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में ‘सम्मान राशि’ भेजी जा रही है। उन सभी ‘सत्कार सखियों’ का तहे दिल से धन्यवाद जिन्होंने जरूरतमंद परिवारों के पंजीकरण और फॉर्म भरने में मदद की। इस नेक सेवा के लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज होगा। इस व्यापक सरकारी योजना को घर-घर पहुंचाने और महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचाने के लिए सभी सत्कार सखियों को बहुत-बहुत मुबारकबाद और दिल से धन्यवाद।” उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने महिलाओं के मान-सम्मान में मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना शुरू की है। मैं बाकी बची सभी योग्य महिलाओं से अपील करता हूं कि वे इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाएं और इसका लाभ उठाएं।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर))



