विदेश

दलाई लामा का ऐतिहासिक संदेश

रविवार, 1 फरवरी को आयोजित 68वें ग्रैमी संगीत पुरस्कार समारोह में एक ऐसा क्षण दर्ज हुआ जिसने दुनिया भर का ध्यान खींच लिया। तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा ने अपने जीवन का पहला ग्रैमी पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। यह जीत केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि एक प्रतीक है जहाँ मनोरंजन की दुनिया और अध्यात्म एक ही मंच पर एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई दिए।
दलाई लामा को यह सम्मान श्रेष्ठ ध्वनि-पुस्तक, कथन और कहानी प्रस्तुतिकरण के वर्ग में मिला। उनका ध्वनि-संग्रह “ध्यानः परम पावन दलाई लामा के विचार” इस वर्ग में विजेता रहा। यह पुरस्कार मुख्य समारोह से पहले होने वाले कार्यक्रम में दिया गया, जिसका सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी हुआ। इस वर्ग में मुकाबला आसान नहीं था। दलाई लामा ने कई चर्चित नामों को पीछे छोड़ा, जिनमें समारोह के संचालक ट्रेवर नोआ, अमेरिका की सर्वोच्च न्यायालय की न्यायाधीश केतांजी, ब्राउन जैक्सन और अन्य नाम शामिल थे। इस ध्वनि-संग्रह की खास बात यह है कि इसमें दलाई लामा के बीते वर्षों के विचारों को आवाज के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। वे इसमें सद्भाव, स्वास्थ्य, मन की शांति, जागरूक जीवन और करुणा जैसे विषयों पर बोलते हैं। यही वजह है कि यह ध्वनि-संग्रह केवल सुनने की सामग्री नहीं, बल्कि एक तरह से जीवन को दिशा देने वाला संदेश बन जाता है।
इस संग्रह में “शांति” और “जल” जैसे गीत भी शामिल हैं। “जल” में दलाई लामा पानी को प्रकृति का अनमोल संसाधन बताते हैं और इसके संरक्षण की जरूरत पर जोर देते हैं। वे संकेत देते हैं कि अगर प्रकृति के संसाधनों का सम्मान नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियाँ संकट झेलेंगी। वहीं “शांति” में उनका संदेश और भी सीधा, मानवीय और असरदार है। दलाई लामा कहते हैं “करुणामय मन बहुत खुश रहता है” और यह भी कि “करुणा हमारे अपने अस्तित्व के लिए जरूरी है।”यह कथन आज के समय में बहुत प्रासंगिक है, जहाँ समाज में असहिष्णुता, तनाव और अकेलापन बढ़ रहा है। दलाई लामा का संदेश बताता है कि शांति केवल बाहरी व्यवस्था से नहीं आती, बल्कि भीतर की संवेदना से जन्म लेती है।
90 वर्ष की उम्र में दलाई लामा की ग्रैमी जीत यह भी दिखाती है कि दुनिया अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि अर्थपूर्ण विचार भी सुनना चाहती है। यह उपलब्धि बताती है कि सच्चे विचार, करुणा और मानवता का संदेश किसी भी मंच पर लोगों के दिल तक पहुँच सकता है, चाहे वह मंच संगीत पुरस्कार का ही क्यों न हो।(वीपी राहुल-हिफी फीचर)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button