देश

संसद की गरिमा पर नई बहस
लोकसभा में हाल ही में स्पीकर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने के एक सप्ताह बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बीच हुए पत्राचार ने भारतीय संसद की कार्यशैली और उसकी गरिमा को लेकर नई चर्चा को जन्म दिया है। एक ओर प्रधानमंत्री ने सदन के संचालन को लेकर स्पीकर की सराहना की, वहीं दूसरी ओर स्पीकर ने सभी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर संसद में बढ़ती अव्यवस्था और अनुशासनहीनता पर गंभीर चिंता जताई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में कहा कि हाल के घटनाक्रमों ने सदन में एक “नई राजनीतिक संस्कृति” को जन्म दिया है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि संसद वह मंच है जहां संवाद, तर्क और विचार-विमर्श के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों की आवाज को स्थान मिलता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग अब भी “वंशवादी और सामंती मानसिकता” से प्रेरित होकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने सीमित दायरे में रखना चाहते हैं और नए नेतृत्व के उभरने का विरोध करते हैं।
प्रधानमंत्री के इस पत्र के जवाब में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा भारतीय संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं, नियमों और प्रक्रियाओं के प्रति गहरी आस्था दिखाई है। बिरला ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के पत्र में सार्वजनिक जीवन की उन नैतिक मूल्यों की झलक मिलती है, जिन्हें उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में लगातार निभाया है, चाहे वह गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल रहा हो या देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी।हालांकि, इस संवाद का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू संसद में सांसदों के व्यवहार को लेकर उठी चिंता है। लोकसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को लिखे अपने पत्र में कहा कि कुछ समय से संसद की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाली घटनाएँ सामने आ रही हैं। सदन के भीतर और संसद परिसर में बैनर, पोस्टर और तख्तियाँ दिखाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सांसदों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भाषा और उनका समग्र व्यवहार भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। बिरला ने इस बात पर जोर दिया कि संसद में हमेशा से गरिमापूर्ण बहस और संवाद की परंपरा रही है, जिसे बनाए रखना सभी दलों की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकसभा अध्यक्ष ने अपने पत्र में यह भी याद दिलाया कि अतीत में भी जब संसदीय आचरण के स्तर में गिरावट को लेकर चिंता जताई गई थी, तब विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच इस विषय पर चर्चा हुई थी और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलनों में इस पर प्रस्ताव पारित किए गए थे। उन्होंने बताया कि वे इस मुद्दे को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठकों और विभिन्न दलों के नेताओं के साथ बातचीत में भी बार-बार उठाते रहे हैं।बिरला ने यह भी कहा कि संसद में सांसदों का आचरण केवल सदन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए एक संदेश का काम करता है। इसलिए आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दल अपने सदस्यों को अनुशासित और जिम्मेदार व्यवहार के लिए प्रेरित करें।(वी पी राहुल-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button