विश्व-लोक

ईरान में तख्तापलट का ख्वाब छोड़े अमरीका: अब्बास अराघची

ईरानी सेना प्रमुख अमीर हातमी ने कहा है कि अमरीका और इजरायल के हमले के खतरे को देखते हुए उनकी फौज हाई अलर्ट पर है। हातमी ने डोनाल्ड ट्रंप को चेताते हुए कहा कि खाड़ी में अमरीका की सैन्य तैनाती के बाद उनके देश की सेनाएं अलर्ट हैं और किसी भी आक्रामकता का पुरजोर तरीके से जवाब देंगी। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अली खामेनेई के तख्तापलट की अफवाहों को ख्याली पुलाव कहकर खारिज किया है। अराघची ने ईरान के साथ बातचीत के रास्ते खुले होने की बात भी कही है। रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सेना प्रमुख अमीर हातेमी ने देश के आसपास अमरीकी सैन्य बेड़े के जमावड़े पर शनिवार को बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर दुश्मन (अमरीका) कोई गलती करता है, तो वह अपनी सुरक्षा, क्षेत्र की स्थिरता और इजरायल की सुरक्षा को खतरे में डालेगा। ईरान की सशस्त्र सेना किसी भी हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह से अलर्ट और सक्षम है। अमरीका से तनातनी के बीच ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन से जुड़ी रिपोर्ट कोरी कल्पना है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस भ्रम में फंस गए हैं कि वह अली खामेनेई का तख्तापलट कर सकते हैं। हमारा सिस्टम इतना मजबूती से जमा हुआ है कि उसको कोई फर्क नहीं पड़ेगा। किसी को भी तेहरान को लेकर भ्रम नहीं पालना चाहिए। अमरीका से बातचीत पर अराघची ने कहा कि हम संतुलित डिप्लोमेसी के लिए तैयार हैं। तेहरान का यह रुख हमेशा से रहा है, लेकिन यह समझना होगा कि बातचीत हुक्म चलाने से अलग होती है और पहले से उसका नतीजा तय नहीं हो सकता। सबसे पहले अमरीका को हमें धमकाना बंद करना होगा। उन्हें आपसी सम्मान और बराबरी के शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार होना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button