भाजपा की नयी रणनीतिक सोच

भारतीय जनता पार्टी में नितिन नबीन के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी के भीतर एक “नए युग” की शुरुआत मानी जा रही है। संगठनात्मक राजनीति में यह बदलाव केवल नेतृत्व परिवर्तन भर नहीं है, बल्कि यह उस रणनीतिक सोच का संकेत है, जिसके जरिए बीजेपी आने वाले वर्षों में खुद को नए सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ के अनुरूप ढालना चाहती है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश जैसे निर्णायक राज्य में नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित होने वाला है।नितिन नबीन की ताजपोशी ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सत्ता बनाए रखने की तैयारी में है। 2027 के विधानसभा चुनाव न सिर्फ राज्य सरकार के प्रदर्शन पर जनादेश होंगे, बल्कि यह भी तय करेंगे कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कितनी मजबूती से जमीनी स्तर पर काम कर पा रहा है।
यूपी, जहां जातीय समीकरण, क्षेत्रीय असंतोष और विपक्षी गठबंधन लगातार चुनौती पेश करते रहे हैं, वहां बीजेपी के लिए हर चुनाव एक नई रणनीति की मांग करता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नितिन नबीन को सबसे पहले संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधना होगा। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का एक मजबूत और प्रभावशाली चेहरा है, लेकिन चुनावी सफलता के लिए केवल सरकार का प्रदर्शन पर्याप्त नहीं होता। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, स्थानीय नेतृत्व को विश्वास में लेना और टिकट वितरण जैसे संवेदनशील फैसलों में संतुलन बनाना- ये सभी जिम्मेदारियां पार्टी अध्यक्ष की रणनीतिक समझ पर निर्भर करती हैं।नितिन नबीन को एक ऐसे नेता के रूप में देखा जा रहा है, जो युवा ऊर्जा और आधुनिक संगठनात्मक सोच का प्रतिनिधित्व करते हैं। बीजेपी पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह युवाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारी देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। इसका असर यूपी जैसे राज्यों में दिख सकता है, जहां युवा मतदाता बड़ी संख्या में हैं और रोजगार, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर उनकी अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं।
हालांकि चुनौतियां कम नहीं हैं। विपक्षी दल सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर बीजेपी को घेरने की कोशिश में हैं। ऐसे में नितिन नबीन के सामने यह सवाल भी होगा कि पार्टी अपनी वैचारिक पहचान बनाए रखते हुए इन मुद्दों पर कितना प्रभावी संवाद कर पाती है। यूपी में विपक्ष का पुनर्गठन और गठबंधन राजनीति भी बीजेपी के लिए रणनीतिक सिरदर्द बन सकती है। इसके साथ ही, नितिन नबीन के नेतृत्व की असली परीक्षा यह भी होगी कि क्या वह केंद्र और राज्य नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पाते हैं। बीजेपी की ताकत हमेशा से उसका अनुशासित संगठन रहा है, लेकिन बड़े और विविध राज्य में इस अनुशासन को बनाए रखना आसान नहीं होता। छोटे-छोटे स्थानीय असंतोष यदि समय पर नहीं सुलझाए गए, तो वे चुनावी नुकसान में बदल सकते हैं।कुल मिलाकर, नितिन नबीन का अध्यक्ष बनना बीजेपी के लिए उम्मीद और चुनौती- दोनों लेकर आया है।
(वीपी राहुल-हिफी फीचर)



