बांग्लादेश में मंदिर के केयर टेकर का शव मिला

बांग्लादेश में तीन दिन से लापता मंदिर के केयरटेकर नयन दास का शव पेड़ से लटका मिला। 35 साल के नयन सतकानिया के रहने वाले थे। वह खुरुश्कुल यूनियन के पुलिश्शोरा घोना नाग पंचमी मंदिर में काम करते थे। पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, 19 अप्रैल रात करीब 9 बजे कुछ अज्ञात लोग नयन दास को उनके घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह नहीं दिखे। परिवार ने उन्हें हर जगह ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन 20 अप्रैल कीरात कॉक्स बाजार सदर मॉडल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन से ही स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुट गए। गत 22 अप्रैल दोपहर करीब 30 से 35 लोगों का एक समूह मंदिर के पास पहाड़ी इलाके में खोजबीन कर रहा था तभी उन्हें एक पेड़ से लटका हुआ शव मिला। यह घटना बांग्लादेश में तारिक रहमान सरकार बनने के बाद हिंदू समुदाय से जुड़े किसी व्यक्ति की पहली हत्या मानी जा रही है।
नयन दास का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। शव के गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। इसके बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए कॉक्स बाजार जनरल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी मोहम्मद सामीउद्दीन ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। हालांकि, मंदिर से जुड़े एक व्यक्ति ने शक जताया है कि नयन दास की पहले हत्या की गई और बाद में शव को पेड़ से लटका दिया गया। उनका कहना है कि गले पर चोट के निशान भी थे। कॉक्स बाजार पूजा उद्जापन परिषद के महासचिव जॉनी धर ने परिवार के हवाले से बताया कि 19 अप्रैल को नयन दास को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे और वह फिर वापस नहीं लौटे।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बांग्लादेश में दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच महज 45 दिनों में कम से कम 15 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है। वहीं बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के मुताबिक,, अगस्त 2024 से नवंबर 2024 के बीच लगभग 82 हिंदुओं की हत्या हुई।



