बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हिंसा के खिलाफ बाॅलीवुड का आक्रोश

सीनियर अभिनेता मनोज जोशी ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर बॉलीवुड की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दोहरे रवैये की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर लोग खुलकर प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रही घटनाओं पर ज्यादातर लोग खामोश रहते हैं। इस मुद्दे पर काजल अग्रवाल, जाह्नवी कपूर और जया प्रदा ने भी अपनी नाराजगी जताई है। सितारों की ये प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इस पर अपना पक्ष रख रहे हैं।
मनोज जोशी ने कहा कि जब गाजा या फिलिस्तीन में कोई घटना होती है, तो कई लोग तुरंत सामने आते हैं, लेकिन बांग्लादेश में एक हिंदू की मौत पर बहुत कम लोग आवाज उठाते हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि समय ही बताएगा कि सच्चाई क्या है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जाह्नवी कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने बांग्लादेश में हुई घटना को अमानवीय बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इस मुद्दे को नजरअंदाज न करें, बल्कि इसके बारे में जानकारी लें और सवाल पूछें। जाह्नवी ने लिखा कि किसी भी तरह की हिंसा और कट्टरता का विरोध जरूरी है, वरना समाज अपनी इंसानियत खो देगा। सोशल मीडिया पर उनकी इस पोस्ट की काफी सराहना हो रही है। पूर्व सांसद और अभिनेत्री जया प्रदा ने भी बांग्लादेश में हुई हिंसा पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं और किसी भी सभ्य समाज में इनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। (हिफी)



