दीपिका कक्कड़ के लिवर से निकाली गयी सिस्ट

टेलीविजन अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी कठिन चुनौतियों का सामना कर रही हैं। पिछले साल लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीतने के बाद हाल ही में उन्हें एक नई चिकित्सा समस्या ने घेर लिया। दीपिका के लिवर में 1.3 सेंटीमीटर का एक सिस्ट पाया गया, जिसे हटाने के लिए उन्हें एक बार फिर सर्जरी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। तीन दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने और सफल मेडिकल प्रोसीजर के बाद, अब वह अपने घर लौट आई हैं। घर वापस आने के बाद दीपिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक विस्तृत व्लॉग साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी सर्जरी के अनुभव उस दौरान हुए असहनीय दर्द और अपनी मानसिक स्थिति के बारे में खुलकर बात की।
दीपिका ने अपने प्रशंसकों को बताया कि इस बार की सर्जरी उनके लिए शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से काफी कठिन थी। उन्होंने साझा किया कि होश में आने के तुरंत बाद उन्हें जिस दर्द का सामना करना पड़ा, उसने उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया था। दीपिका के अनुसार, जब मुझे होश आया तो आधे घंटे तक दर्द इतना तीव्र था कि मैं उसे सहन नहीं कर पा रही थी। उस स्थिति में डॉक्टर तुरंत भारी दवाएं भी नहीं दे सकते थे। रिकवरी के इस शुरुआती फेज ने उन्हें बहुत भावुक कर दिया, क्योंकि दर्द की तीव्रता उम्मीद से कहीं अधिक थी। मेडिकल प्रोसीजर से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए दीपिका ने बताया कि वह बेहद नर्वस थीं और एंग्जायटी के कारण लगातार रो रही थीं। उन्होंने डॉक्टरों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम ने उन्हें शांत करने के लिए हर संभव प्रयास किया। (हिफी)



