कोंकणासेन की एक्यूज्ड नेट फ्लिक्स पर

अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक्यूज्ड’ 27 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई। यह फिल्म एक ऐसे विषय को उठाती है जो समाज और वर्कप्लेस के लिए हमेशा से संवेदनशील रहा है- यौन उत्पीड़न। अपनी पहली फिल्म डॉक्टर जी में एक गायनेकोलॉजी डिपार्टमेंट के अकेले पुरुष डॉक्टर के संघर्ष को दिखाने के बाद अनुभूति एक बार फिर चिकित्सा जगत की पृष्ठभूमि में लौटी हैं।
कहानी लंदन के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में कार्यरत डॉ. गीतिका सेन (कोंकणा सेन शर्मा) के इर्द-गिर्द घूमती है। गीतिका एक सम्मानित गायनेकोलॉजिस्ट हैं। उनकी शादी डॉ। मीरा (प्रतिभा रान्टा) से हुई है, जो एक पीडियाट्रिशियन हैं। यह कपल एक आदर्श और खुशहाल जिंदगी जी रहा है और जल्द ही एक बच्चा गोद लेने की योजना बना रहा है। उनकी जिंदगी में सब कुछ वैसा ही है जैसा वे चाहते थे, लेकिन एक सुबह मिले एक गुमनाम ईमेल ने सब कुछ बदल कर रख दिया। इस ईमेल में डॉ. गीतिका पर सेक्शुअल मिसकंडक्ट का गंभीर आरोप लगाया गया था। दावा किया गया कि ईमेल भेजने वाला शख्स गीतिका का शिकार था। रातों-रात गीतिका जो दूसरों की जान बचाने और सम्मान पाने के लिए जानी जाती थीं, वे एक अपराधी की तरह देखी जाने लगीं। जैसे-जैसे जांच शुरू हुई, शिकायतों की झड़ी लग गई और मामला अस्पताल की चारदीवारी से बाहर निकलकर व्यक्तिगत संबंधों तक जा पहुंचा।अगर ‘एक्यूज्ड’ देखने लायक बनी रहती है तो उसका एकमात्र कारण इसके लीड एक्टर्स की दमदार परफॉर्मेंस है। कोंकणा सेनशर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे क्यों बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। प्रतिभा रन्टा ने भी कोंकणा जैसे दिग्गज कलाकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया
है। एक ऐसी पत्नी का किरदार, जिसके मन में अपने पार्टनर के प्रति
विश्वास और शक के बीच जंग चल रही है, उसे उन्होंने बहुत सूक्ष्मता से पर्दे पर उतारा है। (हिफी)



